देवरिया जनपद में शुक्रवार को हुई तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक महिला सहित दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया। वहीं एक भैंस की भी मौत हो जाने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, भटनी थाना क्षेत्र के श्रीरामपुर स्थित अहिबरन राय टोला में सुरजावती, पत्नी बनारसी गुप्ता, घर के बाहर मौजूद थीं। इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।
दूसरी घटना भटनी क्षेत्र के ही नारायणपुर गांव की है, जहां 40 वर्षीय धर्मेंद्र कुमार खेत की ओर गए थे। अचानक मौसम खराब होने के दौरान उन पर बिजली गिर गई, जिससे उनकी भी मौके पर मौत हो गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
वहीं गौरीबाजार थाना क्षेत्र के सोहसा गांव के करौदी टोला निवासी 30 वर्षीय राजन आकाशीय बिजली की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इसके अलावा भलुअनी थाना क्षेत्र के धनौती गांव में किसान मनोज यादव की एक भैंस पर भी आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पशु की मौत से किसान को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
लगातार हो रही बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और खेतों में जाने से बचने की अपील की है।









0 comments:
एक टिप्पणी भेजें