हमीरपुर। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल का स्लैब ढह जाने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक घटना में अब तक 6 मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य मजदूरों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और मातम का माहौल है। प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया है।
जानकारी के अनुसार यह हादसा कुरारा क्षेत्र में मोरकंदर परसानी से नैथी गांव के बीच बन रहे पुल पर हुआ। बताया जा रहा है कि रात करीब 3 बजे तेज बारिश और आंधी के दौरान अचानक पुल का भारी स्लैब भरभराकर गिर पड़ा। उस समय कई मजदूर निर्माण स्थल पर ही स्लैब के नीचे सो रहे थे। अचानक हुए हादसे में मजदूरों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वे मलबे के नीचे दब गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासन और SDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं। बचाव दल ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और मलबे को हटाकर मजदूरों को बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है। कई घायलों को गंभीर हालत में अस्पताल भेजा गया है। अधिकारियों का कहना है कि राहत कार्य लगातार जारी है और मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
मृतकों में बांदा और हमीरपुर जनपद के मजदूर शामिल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मजदूरों के परिजनों में कोहराम मच गया है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में लापरवाही का आरोप लगाते हुए घटना की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। लोगों का कहना है कि खराब मौसम के बावजूद सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया।
जिला प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों का पता लगाया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से भी घटना पर नजर रखी जा रही है तथा पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया गया है।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें