देवरिया 10 फरवरी। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय, भारत सरकार तथा उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के क्रम में जनपद देवरिया में दिनांक 10 फरवरी, 2026 को “Safer Internet Day–2026” के अवसर पर जिला स्तरीय जागरूकता कार्यशाला का आयोजन विकास भवन स्थित गांधी सभागार में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यशाला में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन जिला सूचना विज्ञान अधिकारी कृष्णानंद यादव द्वारा किया गया। इस अवसर पर जनपद के विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, कर्मचारीगण तथा अन्य प्रतिभागियों ने सहभागिता की।
इस वर्ष “Safer Internet Day–2026” की थीम “Smart Tech, Safe Choices – Exploring the Safe and Responsible Use of AI” निर्धारित की गई थी। कार्यक्रम के दौरान जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, देवरिया कृष्णानंद यादव द्वारा साइबर सुरक्षा, साइबर हाइजीन, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के सुरक्षित एवं विवेकपूर्ण प्रयोग से संबंधित विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई।
कार्यशाला में साइबर सेल के शिवमंगल यादव द्वारा साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा की गईं। उन्होंने साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों, उनसे बचाव, सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार तथा साइबर अपराध की स्थिति में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में अवगत कराया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि “कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं डिजिटल तकनीकों का सकारात्मक और सुरक्षित उपयोग विकास की गति को तेज करता है। ऐसे जागरूकता कार्यक्रम शासकीय कार्मिकों एवं आमजन को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने में सहायक होते हैं।”
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य आमजन एवं शासकीय कार्मिकों में डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा देना तथा साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता एवं संवेदनशीलता विकसित करना रहा। जिला प्रशासन द्वारा इस प्रकार के कार्यक्रमों को डिजिटल इंडिया के लक्ष्यों की प्राप्ति की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया गया।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार सिंह, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर राजीव, जिला कार्यक्रम अधिकारी आदीश मिश्रा, डीसी एनआरएलएम आदि मौजूद रहे।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें