देवरिया 19 दिसंबर!विकासखण्ड संसाधन केंद्र, देवरिया सदर में राष्ट्रीय आविष्कार अभियान कार्यक्रम के अंतर्गत विकासखण्ड स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में विकासखण्ड देवरिया सदर के समस्त परिषदीय उच्च प्राथमिक एवं कम्पोजिट विद्यालयों के कुल 124 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती जिलाधिकारी दिव्या मित्तल रहीं। उन्होंने बच्चों से संवाद स्थापित करते हुए उन्हें जीवन में आगे बढ़ने हेतु प्रेरित किया। जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थी निरंतर ज्ञानवर्धन करते हुए परिश्रम के बल पर अपनी उपलब्धियों को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाएँ।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शालिनी श्रीवास्तव ने कहा कि प्रतियोगिता में सफल छात्र-छात्राएँ आगामी जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे तथा जनपद स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेंगे।
महानिदेशक, स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक, समग्र शिक्षा, विद्या भवन, निशातगंज, लखनऊ तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी देवरिया के निर्देशानुसार राष्ट्रीय आविष्कार अभियान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य उच्च प्राथमिक स्तर के बच्चों में जिज्ञासा आधारित शिक्षा को प्रोत्साहित करना, वैज्ञानिक दृष्टिकोण का विकास करना, प्रयोग के अवसर उपलब्ध कराना तथा विज्ञान, गणित एवं प्रौद्योगिकी को लोकप्रिय बनाना है। यह कार्यक्रम शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित किया जा रहा है।
प्रतियोगिता दो चरणों में आयोजित की गई।
प्रथम चरण (प्रारंभिक चरण) में विकासखण्ड अंतर्गत समस्त परिषदीय उच्च प्राथमिक एवं कम्पोजिट विद्यालयों (कक्षा 6 से 8) से चयनित छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। प्रत्येक विद्यालय से तीन छात्र-छात्राओं का चयन किया गया। इस चरण में 25 बहुविकल्पीय प्रश्नों पर आधारित परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले 25 श्रेष्ठ छात्र-छात्राओं का चयन अंतिम चरण के लिए किया गया।
अंतिम चरण में चयनित 25 छात्र-छात्राओं को रैंडम आधार पर पाँच-पाँच छात्रों के पाँच समूहों में विभाजित कर विकासखण्ड स्तरीय क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस प्रतियोगिता में विजेता टीम को जनपद स्तरीय क्विज प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का अवसर प्रदान किया जाएगा।
खंड शिक्षा अधिकारी देव मुनि वर्मा ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के आगामी चरणों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में जनपद के एसआरजी उपेंद्र उपाध्याय, एआरपी वशिष्ठ नारायण चौहान, अग्निवेश दीक्षित, स्तुति पांडेय सहित विकासखण्ड के अनेक शिक्षक एवं शिक्षिकाएँ उपस्थित रहीं। प्रतियोगिता में सफल 25 छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें