*मतदाता सूची को शुद्ध व अद्यतन बनाने के लिए डीएम ने दिए निर्देश
देवरिया, 14 नवंबर।जिलाधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल की अध्यक्षता में आज त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचक नामावली के वृहद् पुनरीक्षण-2025 एवं विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में नामावली पुनरीक्षण से जुड़े सभी चरणों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं के मामलों का बीएलओ द्वारा भौतिक सत्यापन कराकर उप जिलाधिकारी/एईआरओ स्तर से विलोपन की कार्रवाई की जाएगी। e-BLO ऐप के माध्यम से प्राप्त डाटा का अनुमोदन शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी दिए गए। बीएलओ द्वारा उपलब्ध कराई गई पांडुलिपियों—जिसमें परिवर्धन, संशोधन और अपमार्जन से संबंधित प्रविष्टियाँ शामिल हैं—को निर्धारित समय में जिला निर्वाचन कार्यालय में उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। ऑनलाइन प्राप्त आवेदनों के निस्तारण में भी तेजी लाने को कहा गया। उप जिलाधिकारी/एईआरओ को गणना पत्रकों के अनुसार परिवर्धन, संशोधन तथा विलोपन की संख्या का सटीक डाटा फीड कराने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही मतदान केन्द्रों एवं मतदान स्थलों के भौतिक सत्यापन को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने पर बल दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी प्रक्रियाएँ आयोग के मानकों के अनुरूप पूरी की जाएँ, ताकि पुनरीक्षित नामावली पूरी तरह शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन रूप में प्रकाशित की जा सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन जैनेंद्र सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम सदर श्रुति शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।








0 comments:
एक टिप्पणी भेजें