शनिवार, 5 अप्रैल 2025
Home »
» राहुल व प्रियंका के चुप्पी पर बवाल, वक्फ विधेयक पर मुस्लिम अखबार ने खोला मोर्चा
राहुल व प्रियंका के चुप्पी पर बवाल, वक्फ विधेयक पर मुस्लिम अखबार ने खोला मोर्चा
राहुल और प्रियंका की चुप्पी पर बवाल : वक्फ विधेयक पर मुस्लिम अखबार ने खोला मोर्चा!
वक्फ संशोधन विधेयक 2024 पर राहुल गांधी की चुप्पी और प्रियंका गांधी की अनुपस्थिति पर मलयालम अखबार सुप्रभातम ने की तीखी आलोचना। कहा- ये एक दाग की तरह रहेगा
मुस्लिम संगठन समस्त केरल जेम-इय्याथुल उलमा द्वारा संचालित मलयालम दैनिक 'सुप्रभातम' ने लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मुस्लिम संगठन द्वारा संचालित अखबार ने राहुल गांधी से वक्फ संशोधन विधेयक के खिलाफ संसद में न बोलने पर सवाल उठाया है और वायनाड की सांसद प्रियंका गांधी की भी तीखी आलोचना की है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अखबार ने अपने संपादकीय में प्रियंका गांधी की अनुपस्थिति पर भी तीखी टिप्पणी की।
अख़बार दैनिक सुप्रभातम ने अपने संपादकीय में लिखा है कि, "वायनाड की सांसद प्रियंका गांधी, जिनसे देश बड़ी उम्मीदें रखता है, पार्टी व्हिप के बावजूद संसद में मौजूद नहीं थीं। यह उनके लिए एक दाग की तरह रहेगा। विधेयक पर बहस के दौरान वह कहां थीं, यह सवाल हमेशा बना रहेगा।"
बता दें कि प्रियंका गांधी का निर्वाचन क्षेत्र वायनाड मुस्लिम बहुल इलाका है। लोकसभा चुनाव के दौरान इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग ने कांग्रेस के साथ मिलकर प्रियंका के लिए प्रचार किया था, जिसके बाद उन्होंने इस सीट पर जीत हासिल की थी।
अखबार 'सुप्रभातम' ने वक्फ (संशोधन) विधेयक के पारित होने पर गहरी निराशा जताई है। साथ ही, अखबार ने विधेयक के खिलाफ मतदान करने वाले विपक्षी नेताओं की सराहना की।
सुप्रभातम ने अपने संपादकीय में लिखा है कि, "वक्फ विधेयक बाबरी मस्जिद घटना के बाद संघ परिवार द्वारा मुसलमानों और देश की धर्मनिरपेक्षता पर सबसे बड़े हमलों में से एक है। हम उन विपक्षी नेताओं को धन्यवाद देते हैं, जिन्होंने आधी रात के बाद तक चले संसद सत्र में विधेयक के खिलाफ बहादुरी से लड़ाई लड़ी और इसके खिलाफ मतदान किया। कांग्रेस और डीएमके सदस्यों का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा।"







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें