देवरिया।
बरहज के भलुअनी कस्बे में तड़के सुबह दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया, जिसमें एक पक्ष से जयप्रकाश और भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष दिनेश गुप्त (38) वर्ष सहित तीन लोग घायल हो गए। एक पक्ष से मारपीट की जानकारी होने पर घायलों के साथ अन्य लोग मुख्य चौक पर धरने पर बैठ गए। अधिकारियों के आश्वासन के करीब डेढ़ घंटे बाद धरना समाप्त हुआ। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
भलुअनी कस्बा के जयप्रकाश नगर वार्ड नंबर 12 निवासी दिनेश गुप्त सहयोगियों के साथ कब्रिस्तान के समीप अपनी जमीन पर जाली लगाकर घेर रहे थे। इसी बीच एक पक्ष के कुछ लोग पहुंच गए। जहां सभी लोग जाली लगाने का विरोध करते हुए पैमाइश के दौरान लगा पत्थर तोड़ने लगे, जिसका विरोध करने पर कहासुनी और मारपीट होने लगी।
करीब आधा घंटा तक हुए बवाल से मोहल्ले में खलबली मच गई। मारपीट में एक पक्ष से दिनेश गुप्त, दीनबंधु मद्धेशिया (60) और उनके पुत्र राजेश मद्धेशिया (38) घायल हो गए। घटना की जानकारी होने पर वार्ड में तनाव हो गया। लोग घायलों के साथ मुख्य चौक चौराहे पर मनबढ़ों के खिलाफ धरने पर बैठ गए।
मौके पर एसडीएम अंगद यादव, सीओ आदित्य कुमार गौतम, इंस्पेक्टर भलुअनी अर्चना सिंह, बरहज राहुल सिंह और सुरौली पुलिस पहुंच गई। अधिकारियों द्वारा कार्रवाई के आश्वासन के बाद धरना समाप्त हुआ। मामले में पुलिस द्वारा कुछ लोगों को हिरासत में लिए जाने की बात सामने आ रही है।
एसडीएम बरहज अंगद यादव ने बताया कि एक पक्ष द्वारा जमीन पर जाली लगाने को लेकर विवाद हुआ है। जांच कराया जा रहा है।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें