मंगलवार, 23 मई 2023
Home »
» 90 करोड़ रुपये ग्राहकों ने खाते में कराए जमा
90 करोड़ रुपये ग्राहकों ने खाते में कराए जमा
आज से बदले जाएंगे दो हजार रुपये के नोट
लखनऊ।
दो हजार रुपये के नोट बदलने की सुविधा मंगलवार से मिलनी शुरू हो जाएगी। सोमवार को बड़ी संख्या में ग्राहक हाथों में दो हजार रुपये के नोट लेकर बैंक पहुंचे और अपने खातों में पैसा जमा करवाया। अकेले लखनऊ में 90 करोड़ रुपये बैंकों में जमा किया गया। जबकि प्रदेश में जमा की गई धनराशि का आंकड़ा 700 करोड़ पार पहुंच गया।
दरअसल, आरबीआई की ओर से दो हजार रुपये के नोटों को चलन से बाहर करने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत 23 मई से बैंकों में नोट बदलने की सुविधा दी जा रही है। जबकि इससे पूर्व ग्राहक अपने खातों में दो हजार रुपये के नोट जमा करवाने के लिए सोमवार को पहुंचे। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के मीडिया प्रभारी अनिल तिवारी ने बताया कि लखनऊ में बैंकों की 905 शाखाएं हैं, जहां ग्राहकों ने सोमवार को 90 करोड़ रुपये दो हजार रुपये के नोटों के रूप में जमा किए। उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश में बैंकों की 14500 शाखाएं हैं, जहां सात सौ करोड़ रुपये से अधिक पैसा जमा हुआ। मंगलवार से बैंकों में दो हजार रुपये के नोटों को बदलने का काम किया जाएगा। इसके अतिरिक्त व्यवस्थाएं की गई हैं। ताकि ग्राहकों को असुविधाओं का सामना न करना पड़ा।
15 मिनट में जमा हो गए दो हजार के आठ नोट
अनुषा पाठक सोमवार को जवाहरभवन स्थित एसबीआई की शाखा में दो हजार रुपये के नोट जमा करवाने गई थीं। उन्होंने बताया कि महज 15 मिनट में उनके आठ नोट जमा हो गए। कमोबेश अन्य बैंक शाखाओं में भी नोट जमा करने में दिक्कतें नहीं हुईं। पर, यह देखना दिलचस्प होगा कि मंगलवार को दो हजार रुपये के नोट बदलने के दौरान बैंकों में कैसी भीड़ रहेगी?
आज से बदले जाएंगे दो हजार के नोट-
बैंकों में दो हजार रुपये के नोटों को बदलने की सुविधा मंगलवार से शुरू होगी। अधिकतम 20,000 रुपये के नोट ही बदलवाए जा सकते हैं। इतना ही नहीं नोट बदलवाने के लिए एसबीआई ग्राहकों से फॉर्म व आईडी नहीं लेगा। हालांकि, दूसरे के खाते में पैसा जमा करने पर आईडी देनी होगी।
छोटी शाखाओं में पुलिस देगी सुरक्षा-
दो हजार रुपये के नोट जमा करने के दौरान ग्राहकों में आपसी कहासुनी या विवाद न हों, इसके लिए पुलिस की भी बैंक मदद लेंगे। बड़ी शाखाओं में गार्ड सुरक्षा संभालेंगे, जबकि छोटी शाखाओं में पुलिस को मोर्चा संभालने का जिम्मा दिया गया है।
आरबीआई में भी बदले जाएंगे नोट्स-
लखनऊ की सभी बैंक शाखाओं के साथ-साथ गोमतीनगर में फन रिपब्लिक के सामने स्थित आरबीआई के क्षेत्रीय कार्यालय में भी ग्राहकों को दो हजार रुपये के नोट बदलवाने की सुविधा दी जाएगी। प्रदेश में लखनऊ, कानपुर सहित आरबीआई के 19 क्षेत्रीय कार्यालय हैं।
इन बातों का रखे ध्यान-
-20 हजार रुपये कीमत के नोट ही बैंक शाखाओं में बदले जाएंगे
-दूसरे के खाते में पैसा जमा कराने पर देगी होगी आईडी
-नोट बदलवाने के लिए नहीं भरना होगा फॉर्म, न देनी होगी आईडी
-128 कैश डिपॉजिट मशीनों में जमा कर सकते हैं दो हजार के नोट
-30 दिन के अंदर बैंक से परेशानी होने पर आरबीआई के पोर्टल cms.rbi.org.in पर कर सकते हैं शिकायत
-नोट बदलवाने के लिए समय लेकर निकलें, दो हजार के नोटों की जांच भी करेंगे बैंककर्मी
दो हजार के नोट लेने से इनकार करने पर होगी कार्रवाई-
रोडवेज बसों में पैसेंजरों द्वारा दो हजार रुपये का नोट देने पर कंडक्टर उसे लेने से इनकार नहीं कर सकते। ऐसा करने पर ठोस कार्रवाई की जाएगी। तीस सितम्बर तक यात्रियों से दो हजार का नोट हर हाल में लेना होगा।
ऐसा नहीं करने वाले कंडक्टरों के 186 मामले रोडवेज में दर्ज हुए हैं। प्रदेशभर में लखनऊ सहित 32 डिपो से 186 शिकायतें मिली है। जिसके मद्देनजर सोमवार को बस परिचालक को निर्देश दिए गए हैं कि दो हजार रुपये के नोट नहीं लेने के कोई आदेश नहीं है। ऐसे में यात्रियों से किराये के बदले दो हजार का नोट लेना होगा। परिवहन निगम के पीआरओ अजीत सिंह ने बताया कि 30 सितंबर तक रोडवेज बस कंडक्टरों को दो हजार रुपये का नोट यात्रियों से लिए जाने के दिशा निर्देश दिए गए है। यात्रियों से दो हजार का नोट नहीं लेने वाले बस कंडक्टरों के खिलाफ टोल फ्री नंबर पर 18001802877 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
ऑनलाइन भुगतान में दिक्कतें-
रोडवेज बसों में पैसेंजर ऑनलाइन यूपीआई से किराए का भुगतान करते हैं, ऐसा नहीं होने की शिकायतें आ रही हैं। ऐसे में प्रधान प्रबंधक आईटी के पास जब शिकायतें पहुंची तो एक बार फिर से बस कंडक्टरों को ईटीएम मशीन से कार्ड के जरिए यात्रियों से किराये के भुगतान के लिए सख्त आदेश जारी किए गए है। ताकि ग्राहकों को दिक्कतें न हों।






0 comments:
एक टिप्पणी भेजें