*
कार्य की गति तेज करने का दिया निर्देश
देवरिया 18 मई। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने आज सुभाष चौक के निकट निर्माणाधीन शहीद रामचंद्र विद्यार्थी स्मारक स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने 30 जून तक परियोजना को हर हाल में पूरा करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह परियोजना माननीय मुख्यमंत्री जी की घोषणा से आच्छादित है। इसमें समयबद्धता एवं गुणवत्ता का अनुपालन अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि शहीद रामचंद्र विद्यार्थी स्मारक स्थल देवरिया की ऐतिहासिक धरोहर है, जो पर्यटकों को आकर्षित करने में सक्षम है। यहां बनने वाले म्यूजियम में जनपद में स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े धरोहरों को प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे जनपदवासियों को देशभक्ति की प्रेरणा मिलेगी। 2 करोड़ सात लाख रुपये की लागत वाली यह परियोजना विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है।
जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन परिसर में पड़े मलबे को हटाने के संबन्ध में आवश्यक कार्यवाही करने के लिए अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) को निर्देशित किया। उन्होंने प्रत्येक निर्माण बिंदुओं का गहनता पूर्वक अवलोकन किया एवं आवश्यक निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि महज 14 वर्ष की आयु में अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीद रामचंद्र विद्यार्थी जनपद के युवाओं के प्रेरणा स्रोत हैं।
उनकी स्मृति में बन रहे हेरिटेज स्थल को भव्यतम रूप दिया जाना चाहिए।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सदर सौरभ सिंह, उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कॉरपोरेशन लिमिटेड अधिशासी अभियंता अनिल कुमार सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद थे।






0 comments:
एक टिप्पणी भेजें