इस योजना के तहत अब तक कुल 307 किसानों में 16.71 लाख का किया जा चुका है वितरण
देवरिया 18 मई। कृषक हित में संचालित मुख्यमंत्री खेत-खलिहान दुर्घटना योजना के अन्तर्गत आगजनी से हुई फसल क्षति के 74 कृषकों में रुपये 165000-00 की सहायता धनराशि का चेक सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने मण्डी समिति में कृषकों को प्रदान किया। अब तक कुल 307 किसानों में 16.71 लाख का वितरण इस योजना के तहत किया जा चुका है।
सदर विधायक ने कहा कि कृषकों के हित के लिए मण्डी समिति द्वारा भी अनेक कल्याणकारी योजनायें संचालित है। इसके तहत ही संचालित मुख्यमंत्री खेत-खलिहान अग्निकाण्ड दुर्घटना योजना अन्तर्गत रवी फसल में अग्नि दुर्घटना से हुई कृषकों को नुकसान की सहायता आज प्रदान की गयीं। इस योजना के तहत उत्तर प्रदेश शासन द्वारा अधिसूचित समस्त मण्डी समितियों क्षेत्रान्तर्गत खलिहान में एकत्रित फसल एवं क्षेत्र में खड़ी फसल में अग्नि दुर्घटना से हुई क्षति पर सहायता दिए जाने का प्राविधान है। विभिन्न मानको अनुसार एक हेक्टेयर अर्थात 2.5 एकड तक क्षतिग्रस्त होने की दशा में अधिकतम रुपये 30 हजार अथवा वास्तविक ऑकलित क्षति जो भी कम हो देय होती है। इससे अधिक 05 एकड तक की क्षति होने की दशा में 40 हजार, 05 एकड से अधिक की फसल अग्निकाण्ड में क्षतिग्रस्त होने पर अधिकतम रुपये 50 हजार अथवा वास्तविक ऑकलित क्षति जो भी कम हो उसे दिए जाने का प्राविधान है। उन्होने कहा कि किसानो के हित में मण्डी परिषद द्वारा अनेक कल्याणकारी योजना मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना सहायता योजना, मुख्यमंत्री कृषक उपहार योजना, मुख्यमंत्री कृषक छात्रवृत्ति योजना, मुख्यमंत्री कृषि उत्पादन मण्डी समिति के व्यापारी एवं आढ़ती दुर्घटना सहायता योजना, मुख्यमंत्री मण्डी स्थल/ उप मण्डी स्थल अग्निकाण्ड दुर्घटना सहायता योजना आदि संचालित है। उन्होने कहा कि कृषक एवं आपदा से जुडी योजनाओं की सहायता/राहत धनराशि तत्कालिक रुप में प्रभावितों को पहुंचाये जाने हेतु प्रदेश सरकार प्रयासरत व कटिबद्ध है। आगे जिन कृषको की अग्निकांड से फसल की नुकसान हुई है, उन्हे भी इस योजना अन्तर्गत अनुमन्य सहायता धनराशि उपलब्ध करायी जायेगी।
इस अवसर पर मण्डी सचिव दिवकर उपाध्याय एवं व्यापार मण्डल के अध्यक्ष अखिलेश जायसवाल, जिला मंत्री जीवन लाल द्वारा सदर विधायक को बुके प्रदान कर उनका स्वागत किया गया।
इस दौरान प्रेम शंकर तिवारी, मनोज कुमार, मण्डी निरीक्षक एवं राजीव जायसवाल, अजय जायसवाल सहित अन्य कर्मचारी गण आदि उपस्थित रहे।






0 comments:
एक टिप्पणी भेजें