देवरिया (सू0वि0) 13 जनवरी। जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन ने आज विकास भवन स्थित जिला पंचायती राज कार्यालय में फर्स्ट डोज वैक्सीनेशन की निगरानी के लिए बने विशेष कमांड सेंटर का औचक निरीक्षण किया। इस कमांड सेंटर के माध्यम से जनपद के सभी 1185 ग्राम सभाओं में कोविड 19 से बचाव हेतु फर्स्ट डोज लगाने के कार्य की सतत निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि ग्राम स्तर पर निगरानी समिति के माध्यम से अभी तक फर्स्ट डोज नहीं लगवाने वाले नागरिकों को चिन्हित कर टीकाकरण के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा। ऐसे में प्रत्येक ग्रामसभा में वैक्सीनेशन सत्र का सुचारू क्रियान्वयन अत्यंत महत्वपूर्ण है। कमांड सेन्टर के माध्यम से वैक्सीनेशन कार्य की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जाए। इस कार्य में संलग्न ग्राम प्रधान, पंचायत सहायक, एएनएम, आशा, आंगनबाड़ी तथा अन्य कर्मियों की उपस्थिति टीकाकरण सत्र में सुनिश्चित की जाए। रियल टाइम मॉनिटरिंग के तहत ड्यू लिस्ट के सापेक्ष कम टीकाकरण कराने वाले ग्रामसभाओं में लोगों को टीकाकरण सत्र तक लाने के लिए डोर-टू-डोर सम्पर्क किया जाए।जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में प्रथम डोज के लक्ष्य की प्राप्ति इसी माह सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए अंतर विभागीय समन्वय स्थापित कर विशेष प्रयास किया जा रहा है। इस दौरान जिला विकास अधिकारी श्रवण कुमार राय, अतिरिक्त जिला पंचायती राज अधिकारी जेपी सिंह सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद थे।
इसके पश्चात जिलाधिकारी ने डीआईओएस कार्यालय में 15 से 18 वर्ष आयु वर्ग के किशोरों के टीकाकरण की निगरानी के लिए बने विशेष कमांड सेंटर का निरीक्षण किया। यहाँ जिलाधिकारी ने कमांड सेंटर प्रभारी को टीकाकरण नहीं कराने वाले किशोरों की ब्लॉकवार अवशेष सूची तैयार कर सम्बंधित एमओआईसी से संवाद स्थापित करने का निर्देश दिया। इस दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र कुमार गुप्ता सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद थे।
बॉक्स संख्या 1
पंचायत सहायकों की कार्यशाला को किया संबोधित*
फर्स्ट डोज वैक्सीनेशन में धीमी प्रगति वाले गौरीबाजार और बैतालपुर विकासखंड के पंचायत सहायकों के लिए विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसे जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन ने संबोधित किया। जिलाधिकारी ने कहा कि ड्यू लिस्ट बनाने और लोगों को टीकाकरण केंद्र तक लाने में पंचायत सहायकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि जो लोग अभी तक टीके की पहली खुराक नहीं ले पाए हैं, उन्हें चिन्हित कर टीकाकरण सत्रों तक पहुँचाया जाए। इस दौरान एसडीएम सदर सौरभ सिंह भी मौजूद थे।






0 comments:
एक टिप्पणी भेजें