*संशोधित*
*सैनिक भवन में भूतपूर्व सैनिकों की स्मृति में बन रहा है शहीद स्मारक*
जिलाधिकारी ने किया निर्माण कार्य का निरीक्षण, 10 जनवरी तक कार्य पूरा करने का निर्देश
इंडिया गेट के अमर जवान स्मारक की तर्ज पर है डिजाइन जौ
देवरिया (सू0वि0) 17 दिसंबर। जनपद में भूतपूर्व सैनिकों के शहीद स्मारक की बहुप्रतीक्षित मांग शीघ्र ही पूर्ण होने वाली है। जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन की विशेष पहल पर सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय परिसर में भूतपूर्व सैनिकों को समर्पित शहीद स्मारक का निर्माण कार्य प्रारंभ हो गया है। यह जनपद में भूतपूर्व सैनिकों को समर्पित पहला शहीद स्मारक होगा।
जिलाधिकारी श्री निरंजन ने आज निर्माणाधीन शहीद स्मारक का औचक निरीक्षण किया और 10 जनवरी तक इसके निर्माण कार्य को पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि सैनिक बंधु की बैठक में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी विंग कमांडर(से.नि.) मुकेश तिवारी एवं अन्य भूतपूर्व सैनिकों ने जनपद में पूर्व सैनिकों को समर्पित एक शहीद स्मारक बनाने की मांग की थी। देवरिया से बड़ी संख्या में लोग सेना में शामिल होते रहे हैं। ऐसे में पूर्व सैनिकों के प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए जनपद में एक शहीद स्मारक की आवश्यकता महसूस की गई और शहीद स्मारक के लिए लगभग दस लाख रुपए विकास निधि से उपलब्ध कराए गए हैं। पीडब्ल्यूडी इसका निर्माण करा रही है। शहीद स्मारक का डिजाइन इंडिया गेट स्थित अमर जवान की तर्ज पर तैयार किया गया है। पीडब्ल्यूडी को 10 जनवरी तक शहीद स्मारक के निर्माण का कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया गया है।
इस अवसर पर पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता कमल किशोर, सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय के ओपी सिंह सहित कई लोग मौजूद थे।






0 comments:
एक टिप्पणी भेजें