-
- जिला प्रशासन की पहल का मिल रहा है सार्थक परिणाम
- इससे पहले भी देवरिया कोविड-19 वैक्सीनेशन के महाअभियान (प्रथम एवं द्वितीय दोनों डोज) में तीन बार आ चुका है प्रथम स्थान पर
- जिलाधिकारी ने जताया संतोष; कहा और बेहतर करने का होगा प्रयास
देवरिया 25 अक्टूबर। दिनांक 17 अक्टूबर से 23 अक्टूबर 2021 के मध्य लगे कोविड-19 वैक्सीनेशन के सेकेंड डोज लगवाने में देवरिया जनपद ने बड़ी उपलब्धि प्राप्त की है। इस बार देवरिया प्रदेश के 75 जिलों में दूसरे स्थान पर आया है। पिछली बार सेकेंड डोज लगवाने में देवरिया के रैंकिंग प्रदेश में पांचवी थी।
उक्त जानकारी देते हुए जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन ने बताया कि देवरिया में कोविड-19 वैक्सीनेशन का कार्य निरंतर प्रगति पर है। इस कार्य में स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, आंगनबाड़ी, आशा और एएनएम सभी का समेकित प्रयास जारी है। उन्होंने बताया कि 17 अक्टूबर से 23 अक्टूबर के मध्य जनपद में कुल 62002 लोगों को कोविड-19 की सेकेंड डोज लगाई गई, जो कि कुल ड्यू लिस्ट का 39.02 प्रतिशत है। कोविड-19 वैक्सीनेशन के सेकेंड डोज ड्यू लिस्ट के मामले में पूरे प्रदेश में सिर्फ शाहजहांपुर ने देवरिया से बेहतर प्रदर्शन किया है। तीसरा स्थान कौशांबी को प्राप्त हुआ है, जहाँ कुल 38.99 प्रतिशत लोगों को ड्यू लिस्ट के सापेक्ष दूसरी खुराक लगाई गई है।
जिलाधिकारी ने बताया कि लोगों को वैक्सीन की दूसरी खुराक लगवाने के लिए जागरूक करने का प्रयास निरंतर जारी है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने विशेष माइक्रो प्लान तैयार किया है। इसके तहत सभी एमओआईसी, खंड विकास अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, आशा, एएनएम ग्राम स्तर पर डोर-टू-डोर जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को वैक्सीनेशन के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं। जिसका प्रणाम अब देखने को मिल रहा है। सेकेंड डोज लगवाने के लिए लोग अब बड़ी संख्या में वैक्सीनेशन केंद्रों पर आ रहे हैं। आने वाले दिनों में वैक्सीनेशन की गति और तेज की जाएगी और जनपद के सभी 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों को डबल डोज के सुरक्षा कवच में सुरक्षित किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी देवरिया कोविड-19 वैक्सीनेशन के महाअभियान में प्रदेश स्तर पर तीन बार प्रथम स्थान पर आ चुका है।






0 comments:
एक टिप्पणी भेजें