*पोषण सेवाओं में लापरवाही न हो, डीएम ने नियमित होम विजिट और निगरानी के दिए निर्देश*
देवरिया, 17 नवंबर।कलेक्ट्रेट कार्यकक्ष में मंगलवार को आयोजित जिला पोषण समिति की बैठक में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने पोषण एवं बाल विकास से जुड़ी गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं की नियमित निगरानी की जाए और क्षेत्रीय स्तर पर सामने आने वाली कमियों को दूर करने के लिए आपसी समन्वय से कार्य किया जाए।
जिलाधिकारी ने बैठक में सीडीपीओ को निर्देशित किया गया कि अपने-अपने क्षेत्रों में 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके अथवा 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी पात्र युवाओं का फॉर्म-6 भरवाकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराना सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी पात्र युवा मतदाता बनने से वंचित न रहे।
जिलाधिकारी ने आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों एवं एएनएम को नियमित होम विजिट करने तथा लाभार्थियों की स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागीय समीक्षा में प्रस्तुत किए जाने वाले आंकड़े वास्तविक एवं अभिलेखों के अनुरूप होने चाहिए। आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों की ड्यू-लिस्ट में एकरूपता बनाए रखने पर भी जोर दिया, ताकि लाभार्थियों से संबंधित सूचनाओं में अंतर न रहे।
बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों को निर्धारित मानकों के अनुरूप संतृप्त करने, ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस (वीएचएसएनडी) सत्रों का नियमित एवं प्रभावी आयोजन कराने तथा इन सत्रों में संबंधित कार्मिकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई। उन्होंने निर्देशित किया कि आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने के लिए अभिभावकों एवं आमजन को जागरूक किया जाए।
बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी आदिश मिश्रा, सभी खंड विकास अधिकारी, सीडीपीओ, सुपरवाइजर एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।








0 comments:
एक टिप्पणी भेजें