*हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार, मां का इकलौता बेटा था आदित्य
देवरिया। रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के सेमरी गांव में शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसे में पांच वर्षीय बालक की मौत हो गई। सड़क किनारे खेल रहे बालक को देवरिया की ओर से आ रहे चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, सेमरी गांव निवासी चौथी गुप्ता का पांच वर्षीय पुत्र आदित्य गुप्ता शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे सड़क किनारे खेल रहा था। इसी दौरान देवरिया की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने उसे टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल आदित्य को परिजन तत्काल स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आदित्य अपनी मां शीला देवी का इकलौता बेटा था। परिवार में उसकी दो बहनें हैं। बड़ी बहन सीमा 10 वर्ष तथा छोटी बहन छह वर्ष की है। बेटे की मौत से मां शीला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फरार वाहन चालक की तलाश में पुलिस जुटी है।








0 comments:
एक टिप्पणी भेजें