रविंद्रनगर, कुशीनगर। रविंद्रनगर थाना क्षेत्र के सरस्वती चौक बायपास मार्ग पर सोमवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक सब इंस्पेक्टर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान सब इंस्पेक्टर भवानी प्रसाद पांडे के रूप में हुई है। वह सेवरही थाना क्षेत्र में तैनात बताए जा रहे थे और मूल रूप से बस्ती जनपद के निवासी थे।
जानकारी के अनुसार भवानी प्रसाद पांडे अपनी हीरो स्प्लेंडर बाइक संख्या UP51 AQ1669 से जा रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात कंटेनर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सब इंस्पेक्टर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक हादसे की एक बड़ी वजह सड़क के आधे हिस्से पर फैली गिट्टी और बालू भी मानी जा रही है। बताया गया कि सड़क के एक हिस्से पर निर्माण सामग्री डालकर मकान निर्माण कराया जा रहा था, जिससे वाहनों के आवागमन के लिए सड़क का केवल आधा हिस्सा ही बचा था। संकरे मार्ग से भारी वाहनों की आवाजाही के बीच दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई थी।
सरस्वती चौक बायपास मार्ग बिहार, कुबेरस्थान और तुर्कपट्टी की ओर आने-जाने वाले भारी वाहनों के लिए महत्वपूर्ण रास्ता है। ऐसे में सड़क पर निर्माण सामग्री फैलाकर यातायात बाधित किए जाने को लेकर स्थानीय लोगों में भी सवाल उठ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि भवानी प्रसाद पांडे किसी ड्यूटी से वापस लौट रहे थे, हालांकि वह किस ड्यूटी से लौट रहे थे, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
सूचना मिलते ही रविंद्रनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस अज्ञात कंटेनर और उसके चालक की तलाश कर रही है।
हादसे के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि भारी वाहनों के प्रमुख मार्ग की आधी सड़क पर निर्माण सामग्री डालकर यातायात बाधित करने की अनुमति आखिर कैसे मिली? स्थानीय लोगों ने सड़क से निर्माण सामग्री हटाने और यातायात व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें