कौशांबी। उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में सोमवार को एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका होने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना पिपरी थाना क्षेत्र के मनौरी बाजार की बताई जा रही है। धमाका इतना तेज था कि आसपास के कई घरों के क्षतिग्रस्त होकर जमींदोज होने की सूचना है। हादसे में कई लोगों के हताहत होने की भी खबर सामने आ रही है।
धमाके की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। अचानक हुए विस्फोट से बाजार और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। मलबे में लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके के लिए रवाना हो गई। राहत और बचाव कार्य शुरू करने की तैयारी की जा रही है। पुलिस के साथ स्थानीय प्रशासन की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही हैं।
फिलहाल धमाका किस वजह से हुआ और फैक्ट्री में कितने लोग मौजूद थे, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। प्रशासन की प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना और घायलों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराना है।
हादसे के बाद मनौरी बाजार में दहशत का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे में हताहत लोगों की संख्या और नुकसान का सही आंकड़ा राहत एवं बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें