Good Daily News...


सोमवार, 17 अगस्त 2026

संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने सुनी फरियाद

 




 *फरियादियों की शिकायतों के निस्तारण में बरतें पारदर्शिता, लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई: डीएम* 


 देवरिया, 17 अगस्त। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी आज तहसील सदर में पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के साथ जनसुनवाई के दौरान राजस्व निरीक्षकों एवं लेखपालों पर काफी सख्त दिखे। उन्होंने कड़े निर्देश दिए कि राजस्व से संबंधित समस्याओं का त्वरित रूप से समाधान सुनिश्चित करें, अन्यथा संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इसी क्रम में उन्होंने धारा 24 एवं 116 सहित विभिन्न राजस्व वादों के निस्तारण में हीलाहवाली पर सचेत करते हुए राजस्व निरीक्षकों को निर्देश दिया कि इन सभी वादों में आवश्यकता के अनुसार प्रारंभिक पैमाइश एवं आदेश का अनुपालन प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित कराएं। लापरवाही पाए जाने पर उनके विरुद्ध प्रतिकूल प्रविष्टि के साथ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

            जिलाधिकारी ने जनसुनवाई के दौरान निर्देश दिया कि जनता दर्शन, तहसील एवं थाना समाधान दिवस में प्राप्त प्रकरणों का निस्तारण हर हाल में समयबद्धता एवं पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित किया जाए। जिन प्रकरणों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त कार्रवाई की आवश्यकता हो, उनमें दोनों विभागों की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर भेजते हुए प्रकरण का निस्तारण कराया जाए। निस्तारण में विशेष रूप से यह प्रयास किया जाए कि फरियादी संतुष्ट रहे और मामले का पारदर्शी एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित हो।

            जिलाधिकारी ने राजस्व निरीक्षकों एवं लेखपालों से पुराने धारा 24 एवं 116 के प्रकरणों के निस्तारण से संबंधित पंजिका एवं पत्रावलियां मंगाकर उनका अवलोकन किया। लापरवाही मिलने पर संबंधितों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने नायब तहसीलदार से आईजीआरएस के लंबित प्रकरणों के संबंध में भी पूछताछ की और उनका प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

            जिलाधिकारी के समक्ष ग्राम शाहबाजपुर निवासी शशिकला देवी ने सिंचाई विभाग में प्रस्तुत शिकायत का भ्रामक निस्तारण किए जाने से संबंधित प्रकरण रखा। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता, सिंचाई विभाग को मामले का वास्तविक एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

          नगर पंचायत गौरीबाजार निवासी राधाकृष्ण पांडेय ने प्राचीन मंदिर की भूमि पर भूमाफियाओं द्वारा हस्तक्षेप किए जाने एवं बेदखल करने संबंधी शिकायती प्रकरण प्रस्तुत किया। जिलाधिकारी ने मामले में आवश्यक कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए।     

          पुरवा मेहड़ा निवासी सोमनाथ प्रसाद ने अवैध रूप से किए गए पट्टे को निरस्त करने तथा भूमि अपने नाम आवंटित किए जाने संबंधी शिकायती प्रकरण प्रस्तुत किया। जिलाधिकारी ने इस संबंध में भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

      जिलाधिकारी ने खंड शिक्षा अधिकारियों, सहायक पंचायत अधिकारियों, सहायक विकास अधिकारियों (पंचायत) एवं अधिशासी अभियंता सहित अन्य अधिकारियों को संचालित ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण समिति के संचालित केंद्रों की पर्यवेक्षण एवं जांच के लिए निर्देशित करते हुए उन्हें फील्ड में भेजा। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में संचालित केंद्रों का निरीक्षण करें तथा जो भी कमियां सामने आएं, उन्हें संज्ञान में लेते हुए दूर कराएं।

             इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने पुलिस विभाग से संबंधित प्रकरणों की सुनवाई कर संबंधित थाना प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्राप्त प्रकरणों का हर हाल में प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

          आयोजित तहसील दिवस में कुल 32 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 02  प्रकरणों का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष 30  प्रकरणों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया। इनमें राजस्व विभाग से संबंधित 15, पुलिस एवं विकास विभाग से 04-04 प्रकरण तथा अन्य विभागों से संबंधित 09 प्रकरण प्राप्त हुए।

           इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर प्रवीण कुमार, क्षेत्राधिकारी सदर संजय कुमार रेड्डी, तहसीलदार अलका सिंह, नायब तहसीलदार शिवेंद्र कौंडिल्य सहित राजस्व विभाग के कानूनगो, लेखपाल एवं अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share:

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

Featured Post

उज्जैन महाकाल मंदिर परिसर में भगदड़, कई श्रद्धालु घायल होने की खबर

  मध्य प्रदेश। उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध महाकाल मंदिर परिसर में सोमवार को अचानक भगदड़ मचने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रारंभिक जानकारी...

Definition List

Business

Unordered List

Technology

Support

Lorem ipsum dolor sit amet, consectetur adipisicing elit, sed do eiusmod tempor incididunt ut labore et dolore magna aliqua Lorem ipsum dolor sit amet, consectetur adipisicing elit.

Our Company Inc. 1238 S . 123 St.Suite 25 Town City 3333 Phone: 123-456-789 Fax: 123-456-789