देवरिया, 17 अगस्त।जनपद की सभी सात विधानसभा क्षेत्रों में उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में वृद्धि की घोषणा से संबंधित मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में किया गया। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में देवरिया सदर विधानसभा क्षेत्र के कार्यक्रम का आयोजन सांसद सदर शशांक मणि त्रिपाठी एवं सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी की अध्यक्षता एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख/प्रशासक सदर पिंटू जायसवाल की उपस्थिति में आयोजित की गई। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी एवं जिला पूर्ति अधिकारी संजय पांडेय ने मुख्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया।
कार्यक्रम में उपस्थित उचित दर विक्रेताओं ने लखनऊ स्थित लोक भवन से मुख्यमंत्री के संबोधन एवं लाभांश वृद्धि की घोषणा का सजीव प्रसारण देखा और सुना। मुख्यमंत्री द्वारा उचित दर विक्रेताओं के हित में की गई घोषणा पर उपस्थित विक्रेताओं ने प्रसन्नता व्यक्त की।
सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने कहा कि उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में वृद्धि से उनका सम्मान बढ़ा है और यह निर्णय उनके लिए आर्थिक रूप से भी लाभकारी सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में कोटेदारों के मान-सम्मान में वृद्धि हुई है तथा जनता का विश्वास भी उनके प्रति मजबूत हुआ है। अब अन्नपूर्णा भवनों के माध्यम से उचित दर विक्रेता 39 प्रकार की खाद्य एवं अन्य आवश्यक सामग्री का विक्रय कर सकेंगे। इससे उन्हें अधिक लाभांश प्राप्त होगा।
उन्होंने कहा कि कोटेदारों के लिए अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण किया जा रहा है। इन भवनों में वेयरहाउस की सुविधा भी उपलब्ध होगी, जिससे उचित दर विक्रेता आवश्यक वस्तुओं का सुरक्षित रख-रखाव एवं स्वतंत्र रूप से विक्रय कर सकेंगे।
सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने उचित दर विक्रेताओं को सम्मानजनक नई पहचान देते हुए उन्हें ‘अन्नपूर्णा केंद्र संचालक’ के रूप में पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इससे उनके सम्मान और सामाजिक पहचान में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने कोटेदारों की भावनाओं और उनके हितों को ध्यान में रखते हुए लाभांश में वृद्धि की है। उचित दर विक्रेताओं के प्रयासों से खाद्यान्न वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ी है और शिकायतों में कमी आई है। उन्होंने सभी विक्रेताओं से आगे भी पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कहा कि उचित दर विक्रेता सीधे जरूरतमंद उपभोक्ताओं से जुड़े होते हैं। वे प्रशासन और उपभोक्ताओं के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करते हैं। लाभांश में की गई वृद्धि से उनका मनोबल बढ़ेगा और वे भविष्य में भी बेहतर कार्य प्रदर्शन का उदाहरण प्रस्तुत करेंगे।
जिला पूर्ति अधिकारी संजय पांडेय ने उचित दर विक्रेताओं के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि विषम परिस्थितियों में भी उन्होंने धैर्य और साहस का परिचय दिया है। कोरोना काल में भी उचित दर विक्रेताओं ने शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को खाद्यान्न, नमक, तेल सहित अन्य आवश्यक वस्तुओं का वितरण सुनिश्चित किया। उनका यह योगदान सराहनीय है। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं उचित दर विक्रेताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
*जनपद की सभी सात विधानसभा क्षेत्रों में हुआ प्रसारण*
इसी प्रकार के कार्यक्रम जनपद के सभी विधान क्षेत्रों में विकास खंड के सभागार में जनप्रतिनिधियो की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
सलेमपुर में विधायक एवं राज्यमंत्री विजयलक्ष्मी गौतम की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। भाटपाररानी विकासखंड कार्यालय के सभागार में विधायक सभा कुंवर कुशवाहा की अध्यक्षता में तथा रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड सभागार में विधायक जयप्रकाश निषाद की अध्यक्षता में उचित दर विक्रेताओं के लाभांश वृद्धि से संबंधित कार्यक्रम एवं सजीव प्रसारण आयोजित किया गया।
विकासखंड रामपुर कारखाना के सभागार में विधायक सुरेंद्र चौरसिया की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित हुआ। पथरदेवा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विकासखंड पथरदेवा के सभागार में ब्लॉक प्रमुख सुब्रत शाही तथा नगर पंचायत अध्यक्ष पथरदेवा तथा विकासखंड बरहज के सभागार ब्लॉक प्रमुख भलुअनी एवं भागलपुर की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित कर सजीव प्रसारण कराया गया। उपस्थित सभी उचित दर विक्रेताओं ने सजीव प्रसारण को देखा एवं सुना।
सलेमपुर में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए ग्राम्य विकास राज्यमंत्री विजयलक्ष्मी गौतम ने कहा कि यह प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। सरकार ने कोटेदारों को सम्मान दिलाने के उद्देश्य से उनके लाभांश में 30 प्रतिशत की वृद्धि की है। इससे उन्हें लाभांश के रूप में अधिक धनराशि प्राप्त होगी। साथ ही, उनके लिए सुविधाजनक अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण भी कराया जा रहा है, जिसके लिए प्रदेश सरकार द्वारा 500 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है। इस बजट से अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण किया जाएगा। साथ ही, खाद्य एवं अन्य आवश्यक सामग्री के सुरक्षित रखरखाव के लिए वेयरहाउस भी बनाए जाएंगे।
अपने क्षेत्र के आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाटपाररानी के विधायक सभा कुंवर, रामपुर कारखाना के विधायक सुरेंद्र चौरसिया एवं रुद्रपुर के विधायक जयप्रकाश निषाद ने शासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे कोटेदारों का जहां सम्मान बढ़ेगा, वहीं उन्हें अब अधिक लाभांश भी प्राप्त होगा। साथ ही, उन्हें एक नई पहचान भी मिलेगी।
कार्यक्रमों में उचित दर विक्रेताओं ने मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण देखा और सरकार द्वारा लाभांश में वृद्धि किए जाने के निर्णय का स्वागत किया।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें