देवरिया, 28 जुलाई। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक की। उन्होंने निर्देश दिया कि विद्युत से जुड़े सभी शिफ्टिंग कार्य समयबद्ध तरीके से पूर्ण कर लिए जाएं।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि पीडब्लूडी, एमआरएफ सेंटर एवं राजकीय विद्यालयों में विद्युत कनेक्शन व पोल शिफ्टिंग से संबंधित सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर एक सप्ताह के भीतर पूरा किया जाए। साथ ही विद्युत विभाग, पेयजल निगम एवं संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए विद्युत संबंधी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि विद्युत विभाग लोक निर्माण विभाग की निर्माणाधीन सड़क परियोजनाओं में विद्युत शिफ्टिंग का कार्य एक सप्ताह के भीतर पूर्ण करे। उन्होंने गौरी बाजार एवं देवरिया के निर्माणाधीन एमआरएफ सेंटरों में भी विद्युत कनेक्शन का कार्य 15 अगस्त तक हर हाल में पूरा कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने राजकीय विद्यालय गौरी बाजार में विद्युत कनेक्शन की स्वीकृति शीघ्र प्रदान करने के निर्देश भी दिए। बैठक में जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के आईजीआरएस प्रकरणों एवं असंतुष्ट फीडबैक की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निस्तारण की गुणवत्ता एवं ग्रेडिंग में सुधार लाने के निर्देश दिए, ताकि जनपद की आईजीआरएस रैंकिंग प्रभावित न हो।
जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिया कि एमआरएफ सेंटरों में विद्युत कनेक्शन के लिए प्रस्तुत एस्टीमेट के अनुरूप भुगतान शीघ्र सुनिश्चित किया जाए, ताकि विद्युत विभाग समय से विद्युतीकरण का कार्य पूर्ण कर सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह सहित विद्युत विभाग, पेयजल निगम, लोक निर्माण विभाग, नगर पालिका एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें