*व्यवस्थाएं सुदृढ़ करने एवं होम विजिट बढ़ाने के दिए निर्देश*
देवरिया 16 मई । जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस (वीएचएसएनडी) के तहत आयोजित सत्रों का औचक निरीक्षण कराया। निरीक्षण के लिए चेकलिस्ट के आधार पर अधिकारियों को विभिन्न केंद्रों पर भेजा गया। जांच में आई कमियों के त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए।
इसके उपरांत कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में निरीक्षण आख्या की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस सत्रों को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन केंद्रों पर आधारभूत सुविधाओं अथवा उपकरणों की कमी है, वहां रिवॉल्विंग फंड एवं ग्राम प्रधानों के सहयोग से आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल सुदृढ़ कराई जाएं।
उन्होंने कहा कि अगली बार निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं में स्पष्ट सुधार दिखाई देना चाहिए। राजपत्रित अधिकारियों द्वारा किए गए निरीक्षण का सकारात्मक परिणाम धरातल पर परिलक्षित होना आवश्यक है।
जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी, खंड विकास अधिकारियों एवं एडीओ पंचायत को निर्देशित किया कि सभी केंद्रों पर आवश्यक उपकरण एवं संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों की जांच हेतु आवश्यक लॉजिस्टिक एवं चिकित्सा उपकरण उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी केंद्रों पर जांच एवं स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित आवश्यक संसाधन उपलब्ध रहना अनिवार्य है, जिससे लाभार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक में जिलाधिकारी ने आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं एएनएम की ‘ट्रिपल ए’ टीम को नियमित रूप से होम विजिट बढ़ाने एवं शत-प्रतिशत लाभार्थियों तक पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारियों, स्वास्थ्य कर्मियों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को पूरी लगन एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि शासन की योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारना सभी की जिम्मेदारी है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी ए के गुप्ता, जिला कार्यक्रम अधिकारी आदिश कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी रतन कुमार, सीडीपीओ, सुपरवाइजर एवं जांच टीम के अधिकारी उपस्थित रहे।








0 comments:
एक टिप्पणी भेजें