देवरिया, 17 अक्टूबर।जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी आशुतोष पांडेय ने बताया कि हज कमेटी ऑफ इंडिया, मुंबई द्वारा जारी सर्कुलर संख्या-12 दिनांक 06 अक्टूबर, 2025 के तहत हज यात्रियों को प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए प्रशिक्षकों के चयन हेतु ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया
20 अक्टूबर, 2025 तक जारी रहेगी। आवेदन हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट https://hajcommittee.gov.in पर किए जाएंगे।
प्रशिक्षकों के चयन हेतु कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) का आयोजन 8 नवम्बर, 2025 को किया जाएगा। CBT में चयनित अभ्यर्थियों का साक्षात्कार नवम्बर के द्वितीय सप्ताह में आयोजित होगा। चयनित प्रशिक्षकों का दो दिवसीय प्रशिक्षण मुंबई में नवम्बर के चौथे सप्ताह में संभावित है। केवल ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किए जाएंगे, ऑफलाइन आवेदन मान्य नहीं होंगे।
उन्होंने बताया कि 150 हज आवेदकों पर एक प्रशिक्षक का चयन किया जाएगा। प्रशिक्षक पद के लिए आवेदक की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता इंटरमीडिएट/12वीं पास या समकक्ष होनी चाहिए। स्नातक अभ्यर्थी एवं कंप्यूटर या सूचना तकनीकी में दक्ष उम्मीदवारों को वरीयता दी जाएगी।
प्रशिक्षक के लिए आयु सीमा 25 से 60 वर्ष (07 अक्टूबर, 2025 तक) निर्धारित की गई है। पुरुष एवं महिला प्रशिक्षकों का चयन हज यात्रियों की संख्या के अनुपात में किया जाएगा।
आवेदक का गत पाँच वर्षों में हज किया हुआ होना अनिवार्य है। साथ ही उन्हें अंग्रेजी, उर्दू, हिन्दी व स्थानीय भाषा में बोलने और समझने की क्षमता होनी चाहिए। उम्मीदवार मानसिक एवं शारीरिक रूप से पूर्णतः स्वस्थ, कंप्यूटर में दक्ष तथा हज सुविधा ऐप से भली-भांति परिचित हों।
हज के अरकान की जानकारी, समूह को संबोधित करने और नियंत्रित करने का अनुभव भी अपेक्षित है। आवेदक के विरुद्ध किसी भी प्रकार का आपराधिक प्रकरण लंबित नहीं होना चाहिए।
चयन कंप्यूटर बेस्ड परीक्षा (100 अंक) और साक्षात्कार (20 अंक) के संयुक्त अंकों की मेरिट के आधार पर किया जाएगा। अभ्यर्थियों को दोनों परीक्षाओं में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य होगा।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें