शुक्रवार, 2 जून 2023
Home »
» प्रवेश शुल्क के नाम पर श्रद्धालुओं व पर्यटकों से वसूली किया जाना जजिया कर के समान -सरोज यादव
प्रवेश शुल्क के नाम पर श्रद्धालुओं व पर्यटकों से वसूली किया जाना जजिया कर के समान -सरोज यादव
अयोध्या। समाजवादी पार्टी की महिला सभा जिलाध्यक्षा सरोज यादव ने नगर निगम अयोध्या क्षेत्र में धार्मिक स्थलों पर प्रवेश शुल्क के नाम पर श्रद्धालुओं व पर्यटकों से वसूली किया जाना जजिया कर की याद दिला रहा है। भारतीय जनता पार्टी यह भूल गयी है कि नगर निगम का चुनाव हो गया है, जनता ने उन्हें वोट दे दिया है लेकिन वह यह भी भूल गये हैं कि आने वाले चौबीस के चुनाव में जनता गिन-गिन कर उनसे हिसाब चुकायेगी। अभी तक सप्तपुरियों में एक अयोध्या पुरी में किसी भी तरह का धार्मिक टैक्स श्रद्धालुओं से नहीं वसूला गया है लेकिन पर्यटकों से और श्रद्धालुओं से इंट्री फीस के नाम पर रसीद काटकर पैसा लिया जाना चिंता का विषय है। श्रीमती यादव ने कहा कि प्रभु श्रीराम के महाप्रयाण स्थल पौराणिक गुप्तार घाट और पर्यटन केन्द्र के रूप में विकसित दर्शन नगर में सूर्यकुण्ड पर पर्यटकों से इंट्री के नाम पर दस रुपया वसूला जाना वैधानिक नहीं है, क्योंकि यह भाजपा की नई परिपाटी शुरू हुई है। अभी तक इस प्रकार का कोई भी धार्मिक टैक्स जनता से वसूल नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि कोई साइकिल या टैक्सी स्टैंड नहीं है कि अपनी गाड़ी खड़ी करने के लिये पर्यटकों और श्रद्धालुओं को टोकन लेना पड़ेगा। यह तो एक आस्था की स्थली और वेदों पुराणों में उद्धृत धार्मिक व पर्यटन स्थल है। यहां पर कैसा टैक्स? राम के नाम पर सत्ता में काबिज भाजपा को इसका तो जवाब देना ही पड़ेगा, अन्यथा समय आने पर जनता उन्हें खुद-ब-खुद जवाब दे देगी। श्रीमती यादव ने कहा है कि अगर नगर निगम की आड़ में इस तरह का टैक्स जनता पर थोपा गया तो समाजवादी पार्टी सडक़ों पर उतरकर उन्हें जवाब देने पर मजबूर होगी।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें