शांतिपूर्ण, भयमुक्त, स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव के लिए सजगता आवश्यक
देवरिया 01 मार्च। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन आगामी 3 मार्च को विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2022 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त संपन्न कराने के लिए गठित निर्वाचन कंट्रोल रूम, सोशल मीडिया सेल, वेबकास्टिंग सेल और एनजीआरएस का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप शांतिपूर्ण भयमुक्त स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने के लिए 3 मार्च को मतदान के दृष्टिगत अत्यंत सजग रहने की आवश्यकता है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन कंट्रोल रूम का गठन किया गया, जिसका नंबर 05568- 221220 तथा 05568-297441 है। इस नंबर पर निर्वाचन से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत जानकारी प्राप्त करने हेतु संपर्क किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त निर्वाचन आयोग की हेल्पलाइन नंबर 1950 पर भी अपनी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। उन्होंने निर्वाचन कंट्रोल रूम के कर्मचारियों को सजग रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मतदान के दिन किसी भी प्रकार की अराजक गतिविधि की सूचना मिलने पर उसे तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम एवं संबंधित विधानसभा के आरओ को अवगत कराया जाए, जिससे शांतिपूर्ण मतदान कराया जा सके।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सोशल मीडिया सेल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि मतदान के 48 घंटे पूर्व सोशल मीडिया पर विशेष निगाह रखी जाए। फेसबुक, टि्वटर, यूट्यूब, व्हाट्सएप सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हो रहे आदर्श आचार-संहिता का उल्लंघन करने वाली प्रचार सामग्री मिलने पर तत्काल निर्वाचन कंट्रोल रूम को अवगत कराया जाए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने वेबकास्टिंग कंट्रोल सेल, सीविजिल सेल का निरीक्षण भी किया।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी रवींद्र कुमार, एडीएम प्रशासन कुंवर पंकज, एएसडीएम एवं सी-विजिल सेल प्रभारी कुणाल गौरव, ई-डिस्ट्रिक्ट प्रबंधक राजीव कुमार सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद थे।
पोल्ड ईवीएम जमा कराने के स्थल का किया निरीक्षण
विधानसभा चुनाव 2022 हेतु निर्वाचन आयोग द्वारा नामित रामपुर कारखाना के सामान्य प्रेक्षक मनोज कुमार साहू तथा जिला निर्वाचन अधिकारी आशुतोष निरंजन ने देवरिया सीनियर सेकेंडरी स्कूल का निरीक्षण कर पोल्ड ईवीएम के जमा करने की व्यवस्था का निरीक्षण किया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 3 मार्च को मतदान के पश्चात पोल्ड ईवीएम जनपद मुख्यालय के दो विद्यालयों देवरिया सीनियर सेकेंडरी स्कूल तथा महाराजा अग्रसेन इंटर में जमा होंगी। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र रुद्रपुर, भाटपार रानी, सलेमपुर एवं बरहज की ईवीएम महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज तथा देवरिया, पथरदेवा वा रामपुर कारखाना की पोल्ड ईवीएम देवरिया सीनियर सेकेंडरी स्कूल में जमा की जाएंगी।






0 comments:
एक टिप्पणी भेजें