देवरिया (सू0वि0) 08 दिसंबर। जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन ने वर्चुअल माध्यम से कार्य एवं कार्य कर राजस्व वसूली की मासिक समीक्षा की। नलकूप खंड देवरिया के अधिशासी अभियंता द्वारा कम राजस्व वसूली करने पर वेतन रोकने का निर्देश दिया तथा लोक निर्माण विभाग एवं वानिकी विभाग को चेतावनी दी।
जिलाधिकारी ने कहा कि राजस्व वसूली का काम प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। इस काम में लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने आबकारी विभाग को प्रवर्तन गतिविधियों में तेजी लाने के निर्देश दिए। अवैध शराब के गोदामों को पकड़ने, नकली शराब के पैकेजिंग और अंतर राज्यीय शराब तस्करी को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाये जाए जिससे आबकारी राजस्व की क्षति को रोका जाए। शराब तस्करों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई की जाए।
समीक्षा बैठक के दौरान जिला आबकारी आबकारी अधिकारी ने बताया कि नवंबर माह में 632 छापे डाले गए जिसमें 1550 लीटर शराब जब्त की गई।
बिजली विभाग द्वारा कम राजस्व वसूली करने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की बरहज उपखंड में सभी मैकेनिकल मीटर को इलेक्ट्रॉनिक मीटर से प्रतिस्थापित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा की एकमुश्त समाधान योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, जिससे अधिक से अधिक लोग इस योजना का लाभ उठा सकें।
वाणिज्य कर तथा परिवहन राजस्व लक्ष्य के सापेक्ष न वसूलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की और लक्ष्यपूर्ति की कार्ययोजना लिखित में प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने लघु एवं मध्यम सिंचाई, मंडी समिति, बचत, श्रम विभाग, परिवहन निगम, पूर्ति विभाग, जिला पंचायत, भूमि विकास बैंक, नलकूप अनुरक्षण, कृषि विभाग, पशुपालन सहित विभिन्न विभागों के राजस्व वसूली की समीक्षा की एवं आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व नागेंद्र सिंह, जीएसटी उपायुक्त पंकज लाल, पीडब्ल्यूडी अधिशासी अभियंता कमल किशोर, एआरटीओ राजीव चतुर्वेदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।






0 comments:
एक टिप्पणी भेजें