देवरिया (सू0वि0) 16 दिसम्बर।इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी देवरिया के तत्वाधान में आज नगर पालिका परिषद देवरिया के परिसर में 175 महिला सफाई कर्मचारियों को हाइजीन किट का वितरण किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन एवं विशिष्ट अतिथि नगर पालिका परिषद अध्यक्ष अलका सिंह थी। अतिथिद्वय ने इन सभी महिला सफाई कर्मचारियों को अपने हाथों से हाइजीन किट का वितरण किया, वितरण से पूर्व कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए सभी के हाथों को सेनेटाइज किया गया और मास्क लगवाया गया।
जिलाधिकारी ने इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी देवरिया के इस कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि सफाई की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका इन सफाई कर्मचारियों द्वारा ही निभाई जाती है नगर सफाई व्यवस्था में इनका महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि सामुदायिक स्वच्छता के साथ साथ व्यक्तिगत सुरक्षा भी आवश्यक है।कोरोना काल में इन सफाई कर्मचारियों ने अपने जीवन को जोखिम में डालकर नगर की सफाई व्यवस्था को पूरी तन्मयता से संभाले रखा।
नगर पालिका परिषद देवरिया की अध्यक्ष अलका सिंह ने इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी देवरिया के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन महिला सफाई कर्मचारियों के प्रति आपकी संवेदना समाज में एक अच्छा संदेश देगी। उन्होंने इस कार्यक्रम में समय देने के लिए जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया और कहा कि नगर की समस्याओं के निस्तारण में जिलाधिकारी का सदैव सहयोग मिलता रहता है। उन्होंने उपस्थित सभी लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि नगर की सफाई व्यवस्था का पूरा ध्यान नगर पालिका परिषद देवरिया रख रही है और समय-समय पर कूड़ा निस्तारण सही ढंग से करने की पूरी व्यवस्था की जा रही है। इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी उत्तर प्रदेश के उपसभापति अखिलेन्द्र शाही ने जिलाधिकारी एवं नगर पालिका परिषद अध्यक्ष के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन महिला सफाई कर्मचारियों के लिए निकट भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर मास्क, सैनिटाइजर एवं इनके कार्य करने के दौरान इस्तेमाल करने के लिए एक बार पहनकर इस्तेमाल करने वाला गाउन भी इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी देवरिया उपलब्ध कराएगी। उन्होंने जिलाधिकारी की प्रशंसा करते हुए कहा कि जिलाधिकारी के निर्देश पर पूर्व में जिला जेल में महिला कैदियों और महिला आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी देवरिया द्वारा हाइजीन किट वितरण किया गया था। उन्होंने कहा कि कोरोना की तीसरी लहर के रूप में ओमीक्रोन दस्तक दे चुका है यह हम सभी की जिम्मेदारी बनती है कि इससे बचाव के लिए हम सभी स्वयं तो कोविड नियमों का पालन करें ही और अन्य लोगों को भी इसके लिए जागरूक करें।
इस अवसर पर इंडियन रेड क्रास सोसायटी देवरिया के आजीवन सदस्य अजय प्रताप सिंह ,नवनीत अग्रवाल,अनिल तिवारी,नागेंद्र चौहान,संतोष यादव,बाल विनोद चौरसिया,अवध किशोर चौधरी,हिमांशु सिंह,रविंद्र वर्मा,तस्लीम मलिक मल्लू,कृष्ण कुमार गोयल,पवन झुनझुनवाला उपस्थित रहे।






0 comments:
एक टिप्पणी भेजें