*
गोपूजन के साथ मेले का शुभारंभ, पशुपालकों को रोगों से बचाव और संतुलित आहार की दी गई जानकारी
देवरिया। विकास खंड बैतालपुर के ग्राम पंचायत महराजगंज में पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में कुल 345 पशुओं का पंजीकरण कर उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा पशुपालकों को निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं। इस दौरान बड़ी संख्या में पशुपालकों ने पहुंचकर मेले का लाभ उठाया।
मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा मंडल रामलक्षन के अध्यक्ष सुनील निषाद और महामंत्री राजेश यादव ने गोपूजन एवं फीता काटकर किया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान मनीष यादव भी मौजूद रहे। अतिथियों ने पशुपालन को ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए पशुओं के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
मेले में पशु चिकित्साधिकारी डॉ. दिग्विजय यादव और पशुधन प्रसार अधिकारी निशाकांत तिवारी ने पंजीकृत पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक उपचार किया। चिकित्सकों ने पशुपालकों को पशुओं में होने वाले बांझपन, थनैला, गलाघोंटू तथा खुरपका-मुंहपका जैसे संक्रामक रोगों के लक्षण और बचाव के उपाय बताए। उन्होंने समय पर टीकाकरण कराने, पशुओं को संतुलित आहार देने तथा साफ-सफाई बनाए रखने पर जोर दिया।
इस दौरान पशु मित्र रजनीश यादव, राजकुमार यादव, दुष्यंत तिवारी, अभिषेक मणि और सुभाष चंद्र ने बकरियों को सामूहिक रूप से कृमिनाशक दवा पिलाने तथा दवा वितरण में सहयोग किया। मेले के माध्यम से पशुपालकों को पशुओं की बेहतर देखभाल और रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।








0 comments:
एक टिप्पणी भेजें