*20 प्रतिष्ठित कंपनियों ने लिया साक्षात्कार, 4000 अभ्यर्थियों ने किया प्रतिभाग*
देवरिया, 11 अगस्त। जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में मंगलवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), देवरिया परिसर में वृहद रोजगार मेले एवं अप्रेंटिस मेले का आयोजन किया गया। मेले में आईटीआई एवं नॉन-आईटीआई के अभ्यर्थियों के लिए 20 प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग कर साक्षात्कार लिया।
रोजगार मेले का उद्घाटन देवरिया सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने किया, जबकि समापन जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने किया।
रोजगार मेले के शुभारंभ कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि कौशल एवं दक्षता के माध्यम से युवा अपने लक्ष्य को आसानी से हासिल कर सकते हैं। इसके लिए युवाओं को अपनी रुचि एवं योग्यता के अनुरूप क्षेत्र का चयन कर पूरी लगन, मेहनत और समर्पण के साथ निरंतर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज के समय में तकनीकी एवं व्यावसायिक कौशल का विशेष महत्व है। युवा अपने कौशल को निरंतर विकसित करते हुए रोजगार के साथ-साथ स्वरोजगार की दिशा में भी आगे बढ़ सकते हैं। उन्होंने मेले में प्रतिभाग करने वाली कंपनियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को रोजगार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्हें जो भी कार्य एवं दायित्व मिले, उसका पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें तथा अपने कार्य के माध्यम से परिवार, समाज और देश की प्रगति में योगदान दें।
जिलाधिकारी ने आयोजित रोजगार मेले को संबोधित करते हुए कहा कि मेले में प्रतिभाग करने वाली सभी कंपनियां धन्यवाद की पात्र हैं। उन्होंने कहा कि मेले में प्रतिभाग कर युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का जो कार्य किया गया है, वह अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि आगे भी इस तरह के रोजगार मेलों में कंपनियां प्रतिभाग करें और युवक-युवतियों को रोजगार उपलब्ध कराकर उनके उज्ज्वल भविष्य में अपना योगदान दें।
इस अवसर पर उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों को अपने सेवा भाव का परिचय देने तथा सौंपे गए दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से निर्वहन करने की अपेक्षा व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और बधाई दी।
प्रधानाचार्य आईटीआई के.के. राम ने रोजगार मेले के सफल आयोजन में सहयोग प्रदान करने वाली सभी कंपनियों के प्रतिनिधियों, उपस्थित अभ्यर्थियों एवं प्रबुद्धजनों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा चयनित अभ्यर्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में कुल 4000 अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार में प्रतिभाग किया। इनमें से कंपनियों द्वारा आईटीआई एवं नॉन-आईटीआई के कुल 1190 अभ्यर्थियों का चयन किया गया।








0 comments:
एक टिप्पणी भेजें