*यूनिट टेस्ट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावियों का हुआ सम्मान*
रुद्रपुर (देवरिया)। स्थानीय ग्राम रामचक में स्थित विद्यालय प्रत्युष विहार में बुधवार को जुलाई माह के यूनिट टेस्ट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के सम्मान एवं पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अभिभावकों एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. प्रत्युष कुमार भारत ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए नियमित मूल्यांकन अत्यंत आवश्यक है। यूनिट टेस्ट जैसी व्यवस्था बच्चों में अध्ययन के प्रति गंभीरता, आत्मविश्वास तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने का आह्वान करते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि अनुशासन और निरंतर अभ्यास ही सफलता का आधार है। विशिष्ट अतिथि प्रवक्ता ब्रह्मानन्द गोंड ने कहा कि शिक्षा केवल परीक्षा में अंक प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की प्रक्रिया है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, समय का सदुपयोग और शिक्षकों के मार्गदर्शन का पालन करने की अपील की। वहीं सभासद पुनीता भारती ने अपने संबोधन में कहा कि प्रतिभा किसी सुविधा की मोहताज नहीं होती। यदि बच्चों को सही दिशा, प्रेरणा और प्रोत्साहन मिले तो वे किसी भी क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने विद्यालय द्वारा मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करने की पहल की सराहना की।
विद्यालय के प्रधानाचार्य राणाप्रताप सिंह ने कहा कि विद्यालय में संचालित मासिक यूनिट टेस्ट प्रणाली का उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति का नियमित मूल्यांकन करना, कमजोर विषयों की समय रहते पहचान करना तथा उनमें अनुशासित अध्ययन, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और आत्मविश्वास की भावना विकसित करना है। उन्होंने कहा कि नियमित परीक्षण से विद्यार्थियों की तैयारी बेहतर होती है और वार्षिक परीक्षाओं में उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त करने का मार्ग प्रशस्त होता है। कार्यक्रम का संचालन तारकेश्वर विश्वकर्मा ने किया। इस अवसर पर सत्येन्द्र रावत, रामप्रवेश भारती, नागेंद्र चौहान, विजय चौरसिया, रंजीत सर, आशुतोष गाँधी, खुशबू यादव, सोनू गुप्ता, संदीप जायसवाल, असलम अली, श्यामसुंदर यादव, विजय बहादुर सिंह, महक बरनवाल, राजेन्द्र प्रसाद गुप्ता, प्रशान्त सिंह, प्रतीक सिंह, संजीव मणि, अनुपमा भारती, काजल पाण्डेय, काजल गोंड़, अंकिता विश्वकर्मा, अंशिका पण्डेय, बंक बहादुर कुशवाहा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रशस्ति प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ हुआ।








0 comments:
एक टिप्पणी भेजें