देवरिया। विकास भवन सभागार में पशुपालन विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी श्री राजेश कुमार सिंह ने की।बैठक में जनपद में चल रहे राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत खुरपका-मुंहपका टीकाकरण अभियान, संचारी रोग नियंत्रण अभियान और अन्य विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि विभागीय योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया का व्यापक उपयोग किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्र में हो रहे टीकाकरण, जागरूकता कार्यक्रम और अन्य गतिविधियों की फोटो, वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करें।ग्राम प्रधानों, पशुपालकों और स्वयं सहायता समूहों को व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़कर योजनाओं की जानकारी दी जाए।एफ एम डी टीकाकरण, कृमिनाशक दवा वितरण, जैसी जानकारियों को सरल भाषा में पोस्टर और पंपलेट के साथ सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जाए।भारत पशुधन एप पर होने वाले रियल टाइम डाटा फीडिंग की जानकारी भी प्रचारित की जाए ताकि पशुपालकों में जागरूकता बढ़े।उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से विभाग की पारदर्शिता बढ़ेगी और अधिक से अधिक पशुपालक योजनाओं से जुड़ पाएंगे।
बैठक में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. श्रीनिवास प्रसाद, सभी उपमुख्य पशु चिकित्साधिकारी, पशु चिकित्साधिकारी, पशुधन प्रसार अधिकारी एवं अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. श्रीनिवास प्रसाद ने बताया कि सभी ब्लॉकों को सोशल मीडिया प्रचार की जिम्मेदारी दी गई है। प्रत्येक ब्लॉक से दैनिक गतिविधियों की रिपोर्ट भेजी जाएगी।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें