देवरिया 29 जुलाई । सदर कोतवाली क्षेत्र के दानोपुर निवासी विजय सिंह ने जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के समक्ष कल जनता दर्शन में अपनी समस्या रखते हुए आरा मशीन पर रखी अपनी लकड़ी दिलाए जाने का अनुरोध किया। उन्होंने प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके निजी सागौन के पेड़ बरसात में गिर गए थे, जिन्हें चिरवाने के लिए आईटीआई के निकट स्थित एक आरा मशीन पर रखा गया था। घरेलू परिस्थितियों के कारण लकड़ी चिरवाने में विलंब हो गया। अब जब उन्होंने अपनी लकड़ी वापस मांगी तो आरा मशीन संचालक द्वारा उसे देने में हीलाहवाली की जा रही है।
जिलाधिकारी ने फरियादी की समस्या को गंभीरता से लेते हुए प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) को तत्काल प्रकरण का समाधान कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में वन विभाग ने दोनों पक्षों को बुलाकर आपसी समझौता कराया। समझौते के अनुसार आरा मशीन संचालक द्वारा आर्थिक रूप से विजय सिंह को क्षतिपूर्ति प्रदान की गई।
समझौता होने के बाद दोनों पक्ष संतुष्ट रहे तथा उन्होंने लिखित रूप से अपना समझौता पत्र वन विभाग को उपलब्ध कराया। जिलाधिकारी की पहल से फरियाद प्रस्तुत करने के दिन ही समस्या का तत्काल समाधान हो गया, जिससे फरियादी ने संतोष व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी के प्रति आभार प्रकट किया।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें