*स्वास्थ्य योजनाओं के प्रति जन जागरूकता जरूरी*
*स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े सभी अधिकारी एवं कर्मचारी टीमभाव से करें कार्य*
*ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण समिति के सत्रों का प्रभावी ढंग से हो आयोजन*
*स्वास्थ्य कर्मी नियमित रूप से करें होम विजिट-डीएम*
देवरिया, 2 जून। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता में मंगलवार को विकास भवन के गांधी सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति(डीएचएस)की बैठक संपन्न हुई। बैठक में उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए संचालित स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचाने तथा लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण समिति के अंतर्गत आयोजित होने वाले सत्रों को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा आवश्यक उपकरणों एवं संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए इन सत्रों का नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण आयोजन आवश्यक है।
बैठक में जिलाधिकारी ने आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, एएनएम तथा अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को नियमित होम विजिट करने और गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं एवं आमजन को स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए सभी स्वास्थ्य कर्मियों को पूरी सक्रियता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा।
उपस्थिति की समीक्षा के दौरान पोर्टल पर अनुपस्थित पाए गए सीएचओ पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की तथा इन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्यों में लापरवाही किसी भी दशा में स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने बीसीपीएम के कार्यों की समीक्षा करते हुए उनके प्रभावी अनुश्रवण के निर्देश दिए। साथ ही सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को पूरी तैयारी के साथ अगली समीक्षा बैठक में उपस्थित होने की हिदायत दी। उन्होंने अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को सभी एमओआईसी के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए है।
बैठक में प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर जलभराव एवं खराब संपर्क मार्गों की समस्या के लिए जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारियों एवं खंड विकास अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर इन समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने आरबीएसके टीमों को पूरी सक्रियता के साथ कार्य करने, निर्धारित रोस्टर के अनुसार सभी सत्रों में उपस्थित रहने तथा बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार संबंधी कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, प्राचार्य मेडिकल कॉलेज डॉ. रजनी पटेल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. गुप्ता, सीएमएस डॉ. के. मिश्रा, जिला कार्यक्रम अधिकारी आदिश मिश्रा, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारीगण, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, डीपीएम, बीपीएम, बीसीपीएम तथा स्वास्थ्य विभाग से जुड़े अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।








0 comments:
एक टिप्पणी भेजें