*किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, पारदर्शी तरीके से हो खरीद : डीएम*
देवरिया, 17 मई।जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने रुद्रपुर तहसील क्षेत्र स्थित गेहूं क्रय केंद्र एवं पीसीएफ खाद विक्रय केंद्र का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को गेहूं खरीद की प्रक्रिया पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित किए जाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी गेहूं क्रय केंद्र निर्धारित समय पर खुलें तथा किसानों से सुचारु रूप से खरीद सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि किसानों को गेहूं बिक्री में किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी उसरा बाजार स्थित गेहूं क्रय केंद्र पहुंचे, जहां उन्होंने क्रय केंद्र की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर कांटे का सत्यापन कराया। इस दौरान पहले बोरे में गेहूं भरवाकर वजन कराया गया तथा उसके बाद खाली बोरे का भी वजन कराया गया। जांच में कांटा सही पाया गया, जिस पर जिलाधिकारी ने संतोष व्यक्त किया।
उन्होंने मौके पर क्रय पंजिका एवं अन्य अभिलेखों का भी अवलोकन किया तथा उपस्थित कर्मचारियों से खरीद व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि खरीद प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरती जाए तथा किसानों के साथ विनम्र व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने परसिया मिश्र स्थित पीसीएफ खाद विक्रय केंद्र का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वहां खाद की अनलोडिंग होती पाई गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध रखने तथा किसानों को समय से खाद वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि गेहूं क्रय केंद्रों के प्रभारी, किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। किसी भी किसान को गेहूं बेचने में असुविधा न हो, यह हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।








0 comments:
एक टिप्पणी भेजें