देवरिया, 17 मई। जिलाधिकारी श्री मधुसूदन हुल्गी ने शनिवार को गैस वितरण कंपनियों के विक्रय अधिकारियों के साथ बैठक कर जनपद में एलपीजी गैस आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि पिछले एक सप्ताह के दौरान गैस वितरण के बैकलॉग में लगातार कमी आई है। विक्रय अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि अगले सप्ताह तक बैकलॉग में और सुधार होगा, क्योंकि जनपद में गैस की आपूर्ति पहले की अपेक्षा बेहतर हुई है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहें तथा गैस एजेंसियों एवं आपूर्ति विभाग के साथ समन्वय बनाकर उपभोक्ताओं से संवाद बनाए रखें। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और उनकी शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
डीएम ने निर्देश दिए कि एजेंसीवार बैकलॉग की स्थिति के अनुसार ही गैस सिलेंडरों की आपूर्ति की जाए तथा “प्रथम आवक, प्रथम पावक” व्यवस्था का कड़ाई से पालन कराया जाए। उन्होंने कहा कि वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखना जरूरी है, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय से गैस उपलब्ध हो सके।
बैठक में यह भी चेतावनी दी गई कि गैस वितरण में किसी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें