*शिक्षा, आवास, फॉर्मर आईडी, फैमिली आईडी एवं जनकल्याणकारी योजनाओं पर अधिकारियों को दिए निर्देश*
देवरिया, 31 मई। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के निर्देश के क्रम में रविवार को मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने विकास खंड बनकटा क्षेत्र का भ्रमण किया तथा विभिन्न स्थानों पर आयोजित चौपालों की अध्यक्षता कर ग्राम प्रधानों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
इस दौरान बखरी, हाटा, बगरूआ, सिकटिया दीनाचक तथा विकास खंड मुख्यालय बनकटा पर आयोजित चौपालों में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों से संवाद स्थापित कर स्थानीय समस्याओं एवं विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
चौपाल में प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के कायाकल्प, पंचायत भवन, आंगनबाड़ी केंद्र एवं अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई। साथ ही मनरेगा जॉब कार्ड धारकों, विभिन्न पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों, स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लाभार्थियों तथा श्रम कार्ड धारकों में ऐसे पात्र व्यक्तियों का चिन्हांकन कर राशन कार्ड से जोड़े जाने की प्रगति पर भी चर्चा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने फैमिली आईडी, फॉर्मर आईडी, प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना, चारागाह भूमि, अमृत सरोवर, पोषण, शिक्षा एवं स्वास्थ्य से जुड़े विषयों की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से आच्छादित किया जाए।
चौपाल में नए स्वयं सहायता समूहों के गठन, महिला सशक्तिकरण तथा ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए तथा शासन की मंशा के अनुरूप कार्यों को धरातल पर उतारा जाए।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी, कृषि विभाग के अधिकारी, पंचायत सचिव, ग्राम प्रधान, पंचायत सहायक, रोजगार सेवक, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं तथा अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।








0 comments:
एक टिप्पणी भेजें