*घरेलू गैस वितरण व्यवस्था की जांच, बैकलॉग दूर कर समय से सिलेंडर उपलब्ध कराने के निर्देश*
देवरिया, 13 मई। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने जनपद में घरेलू गैस वितरण व्यवस्था को लेकर लगातार प्राप्त हो रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सभी उपजिलाधिकारियों एवं तहसील स्तरीय राजस्व अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति की जांच करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद की कुल 42 गैस एजेंसियों एवं गोदामों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कई एजेंसियों पर गैस वितरण व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित पाई गई, जबकि कुछ स्थानों पर पूर्व की बुकिंग का बैकलॉग भी मिला। अधिकारियों ने संबंधित एजेंसियों को उपभोक्ताओं को बुकिंग के क्रम में समय से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण अभियान के तहत तहसील सलेमपुर में 12, बरहज एवं रुद्रपुर में 9-9, जबकि सदर एवं भाटपाररानी तहसील में 6-6 गैस एजेंसियों एवं गोदामों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने गैस वितरण व्यवस्था, उपभोक्ताओं को सिलेंडर आपूर्ति एवं बुकिंग की स्थिति की जानकारी ली।
तहसील सलेमपुर में उपजिलाधिकारी दिशा श्रीवास्तव ने सुमित्रा इंडेन गैस भटनी, श्यामजी गैस ग्रामीण वितरक परसिया अमेठी एवं यशोदा इंडेन गैस ग्रामीण वितरक मगहरा का औचक निरीक्षण किया। इसके अलावा तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार द्वारा भी विभिन्न गैस गोदामों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई।
तहसील रुद्रपुर में उपजिलाधिकारी अवधेश कुमार निगम ने सुनीता इंडेन गैस रुद्रपुर, प्रभा एचपी गैस ग्रामीण वितरक महिला दुघैला एवं निलेश इंडेन ग्रामीण वितरक रामलक्षन का निरीक्षण किया। वहीं तहसीलदार चंद्रशेखर वर्मा एवं नायब तहसीलदार द्वारा भी विभिन्न गैस गोदामों का जायजा लिया गया। निरीक्षण में गैस वितरण व्यवस्था सामान्य एवं सुचारु पाई गई।
तहसील सदर में कुल छह गैस एजेंसियों का निरीक्षण किया गया। उपजिलाधिकारी सीमा पांडेय ने साहिबा इंडेन ग्रामीण वितरण एजेंसी भटनी दादन एवं भारत गैस एजेंसी हेतिमपुर का औचक निरीक्षण कर वितरण व्यवस्था की जानकारी ली।
भाटपाररानी तहसील में उपजिलाधिकारी दीप राज सिंह द्वारा छह गैस एजेंसियों का निरीक्षण किया गया।
वहीं बरहज तहसील में उपजिलाधिकारी ने महेंद्रनाथ एचपी गैस एजेंसी महेन, भारत गैस एजेंसी कपरवार एवं एचपी गैस एजेंसी बरहज का निरीक्षण किया। तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार द्वारा भी तीन-तीन गैस एजेंसियों का जायजा लिया गया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि गैस वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित की जाए तथा उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। उन्होंने कहा कि अनियमितता पाए जाने पर संबंधित एजेंसियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। आगे भी औचक निरीक्षण का यह सिलसिला जारी रहेगा।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें