देवरिया 01 मई 2025श्रम विभाग देवरिया द्वारा अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर नगर पंचायत बरियारपुर में श्रमिक जागरूकता एवं पंजीयन शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देवरिया के सचिव श्री मनोज कुमार तिवारी के निर्देश पर आयोजित किया गया, जिसकी अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण राजभर ने की।
श्रीमती राजभर ने श्रमिकों को संबोधित करते हुए उनके अधिकारों, सम्मान और उनके हितों के संरक्षण हेतु संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से श्रमिकों को उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत पंजीकरण कराने के लिए प्रेरित किया, ताकि वे विभिन्न योजनाओं का लाभ उठा सकें। उन्होंने जन सेवा केंद्र के माध्यम से पंजीकरण की प्रक्रिया को सरल बताया और उसमें अधिकाधिक भागीदारी की अपील की।
इस अवसर पर श्रम प्रवर्तन अधिकारी सुश्री शशि सिंह ने श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा से जुड़े विभिन्न कानूनों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बंधुआ श्रम उन्मूलन अधिनियम, 1976 के अंतर्गत कोई भी नियोजक किसी श्रमिक से जबरन कार्य नहीं करवा सकता। साथ ही न्यूनतम वेतन अधिनियम, 1948 और मनरेगा योजना के अंतर्गत एक वर्ष में 100 दिन रोजगार का अधिकार तथा समय पर वेतन भुगतान की व्यवस्था की भी जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा पंजीकृत श्रमिकों को मिलने वाली योजनाओं के बारे में भी विस्तार से बताया गया। इनमें बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए अटल आवासीय विद्यालय योजना, मातृत्व, शिशु व बालिका मदद योजना, संत रविदास शिक्षा सहायता योजना, कन्या विवाह सहायता योजना, निर्माण कामगार मृत्यु एवं दिव्यांगता सहायता योजना तथा गंभीर बीमारी सहायता योजना शामिल हैं। साथ ही पंजीकृत श्रमिकों के नवीनीकरण की प्रक्रिया और उसके महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।
श्रमिकों को गर्मी की लहर से बचाव के लिए गमछा और टोपी का उपयोग करने की सलाह दी गई। साथ ही यदि किसी को शारीरिक अस्वस्थता महसूस हो तो उसे नजरअंदाज न करते हुए तुरंत चिकित्सक से परामर्श लेने की अपील की गई।
शिविर के दौरान श्रीमती किरण राजभर द्वारा अपने करकमलों से मातृत्व, शिशु व बालिका मदद योजना के अंतर्गत दो लाभार्थियों को ₹25,000 की एफडी प्रदान की गई, वहीं कन्या विवाह सहायता योजना के अंतर्गत दो लाभार्थियों को ₹55,000 की धनराशि का स्वीकृति पत्र सौंपा गया।
इस अवसर पर श्रम प्रवर्तन अधिकारी दिनेश कुमार, कार्यालय के कर्मचारी अश्विनी सिंह, शैलेश सिंह पटेल, जीवनानंद श्याम और नन्हे यादव भी उपस्थित रहे।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें