Good Daily News...


मंगलवार, 25 मार्च 2025

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने यूपी का परसेप्शन बदला, अब यूपी बना नए इंडिया का नया ग्रोथ इंजन:विजय बहादुर पाठक

 



*डबल इंजन की सरकार में उत्तर प्रदेश का अभूतपूर्व विकास:विजय बहादुर पाठक*


*नंबर वन यूपी बना प्रदेश की नई पहचान*


*आठ सालों में देवरिया का हुआ अभूतपूर्व विकास*


*देवरिया, (सू0वि0) 25 मार्च*


प्रदेश सरकार के सेवा, सुरक्षा और सुशासन की नीति के आठ वर्ष तथा केंद्र सरकार के दस वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आज विकास भवन स्थित गांधी सभागार में प्रेसवार्ता आयोजित हुई। इस कार्यक्रम में शासन द्वारा जनपद के लिए नामित प्रभारी मुख्य अतिथि माननीय सदस्य विधान परिषद श्री विजय बहादुर पाठक जी की अध्यक्षता रही। सदर विधायक श्री शलभ मणि त्रिपाठी, जिलाधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल व पुलिस अधीक्षक श्री विक्रांत वीर भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।


प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए एमएलसी श्री विजय बहादुर पाठक ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश ने सेवा, सुरक्षा और सुशासन की नीति को अपनाया, जिससे प्रदेश की परसेप्शन बदली है। नए भारत का नया उत्तर प्रदेश पूरे देश के समक्ष एक मॉडल राज्य के रूप में उभरा है। वर्तमान में प्रदेश में छह एक्सप्रेसवे संचालित हैं और 11 नए एक्सप्रेसवे पर कार्य किया जा रहा है। प्रदेश में 16 हवाई अड्डे कार्यरत हैं, जिनमें पांच अंतरराष्ट्रीय स्तर के हैं।


प्रदेश सरकार ने सुधार, प्रदर्शन और रूपांतरण के मंत्र पर आधारित 33 सेक्टरल पॉलिसीज लागू की हैं। सिंगल विंडो सिस्टम निवेश सारथी पोर्टल की शुरुआत से प्रदेश में निवेशकों का भरोसा बढ़ा है। कानून व्यवस्था सुदृढ़ होने के साथ ही संसाधनों में भी सुधार किया गया है। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप उत्तर प्रदेश इज ऑफ डूइंग बिजनेस में अचीवर स्टेट बनकर उभरा है। प्रदेश को देश का सबसे अच्छा निवेश गंतव्य माना जा रहा है, जहाँ बड़ी संख्या में विदेशी निवेशक निवेश कर रहे हैं।


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में सांस्कृतिक पुनरुत्थान का दौर जारी है। अयोध्या में भव्य राम मंदिर, काशी में काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, मथुरा, प्रयागराज, नैमिषारण्य सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों का व्यापक विकास किया गया है। हाल ही में संपन्न महाकुंभ में ऐतिहासिक जनसैलाब उमड़ा, जिससे सामाजिक सशक्तिकरण के साथ ही देश की अर्थव्यवस्था को भी गति मिली। उत्तर प्रदेश के विकास की चर्चा आज राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर हो रही है। इस सकारात्मक बदलाव के पीछे संस्कृति, कनेक्टिविटी और वाणिज्य का समन्वय है। बीते आठ वर्षों में डबल इंजन सरकार की नीतियों से छह करोड़ से अधिक लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाने में सफलता मिली है। 1.86 करोड़ से अधिक परिवारों को निःशुल्क गैस कनेक्शन प्रदान किया गया है, जबकि 2.86 करोड़ से अधिक किसानों को किसान सम्मान निधि का लाभ दिया गया है। प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरे देश के लिए एक मॉडल बन चुकी है।


*डबल इंजन की सरकार में नंबर वन यूपी बना पहचान*


एमएलसी श्री विजय बहादुर पाठक ने बताया कि उत्तर प्रदेश धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों का केंद्र बन गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास निर्माण में, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, पीएम स्वनिधि योजना और अटल पेंशन योजना के क्रियान्वयन में प्रदेश देश में प्रथम स्थान पर है। ग्रामीण स्वच्छ शौचालय निर्माण, महिलाओं के विरुद्ध अपराधों में सजा दिलाने, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों की स्थापना में उत्तर प्रदेश अग्रणी है। प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत प्रदेश में 8.51 करोड़ खाते खोले गए हैं। प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना में 4.29 करोड़ नामांकन के साथ उत्तर प्रदेश देश में प्रथम स्थान पर है। गन्ना एवं चीनी, खाद्यान्न, आम, दुग्ध, आलू और एथेनॉल उत्पादन में भी प्रदेश का देश में शीर्ष स्थान है।


*डबल इंजन की सरकार में देवरिया का हुआ चातुर्दिक विकास*


एमएलसी श्री विजय बहादुर पाठक ने कहा कि बीते आठ वर्षों में देवरिया का भी चहुंमुखी विकास हुआ है। उत्तर प्रदेश सरकार ने सेवा, सुरक्षा और सुशासन के संकल्प के साथ जनपद के सर्वांगीण विकास के लिए कई योजनाएँ लागू की हैं। केंद्र सरकार की विभिन्न नीतियों का भी जनपद को व्यापक लाभ मिला है। मोदी-योगी सरकार के प्रयासों से देवरिया स्वास्थ्य, शिक्षा, बुनियादी ढाँचा, महिला सशक्तिकरण, कानून व्यवस्था, कृषि, उद्योग और डिजिटल प्रगति में नए आयाम छू रहा है।


जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं में ऐतिहासिक सुधार हुआ है। ₹214.06 करोड़ की लागत से महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज का निर्माण पूर्ण हो चुका है, जिससे जिले को उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधाएँ मिल रही हैं। आयुष्मान भारत योजना के तहत 7,46,949 लाभार्थियों को गोल्डन कार्ड जारी किए गए हैं, जिससे उन्हें निःशुल्क इलाज की सुविधा मिली। 108 और 102 एंबुलेंस सेवाओं को और अधिक मजबूत किया गया है, जिससे दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्वास्थ्य सेवाएँ सुचारू हो गई हैं। कोविड-19 महामारी के दौरान दो ऑक्सीजन प्लांट स्थापित किए गए, जिससे स्वास्थ्य आपात स्थितियों में देवरिया आत्मनिर्भर बन सका।


बुनियादी ढाँचे के क्षेत्र में भी देवरिया में अभूतपूर्व कार्य हुआ है। ₹950 करोड़ की लागत से गोरखपुर-देवरिया फोरलेन परियोजना पूरी हो चुकी है, जिससे आवागमन सुगम हुआ है। सोनौली-नौतनवा-गोरखपुर-देवरिया-बलिया मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण पर ₹233.19 करोड़ खर्च किए गए हैं। ₹192.72 करोड़ की लागत से इसी मार्ग के 125 किमी से 144 किमी तक का कार्य पूरा हुआ है। ₹46.87 करोड़ की लागत से देवरिया-पकड़ी मार्ग का चौड़ीकरण तथा ₹40.47 करोड़ की लागत से रथुआ-भटनी-भिंगारी मार्ग का विस्तार हुआ है। ग्राम खरवनिया (भाटपाररानी) में छोटी गंडक नदी पर ₹12.45 करोड़ की लागत से पुल का निर्माण किया गया है, जिससे ग्रामीण इलाकों का संपर्क बेहतर हुआ है।


शिक्षा के क्षेत्र में भी सरकार ने बड़े कदम उठाए हैं। ₹12.60 करोड़ की लागत से बरवामीर छापर में राजकीय आईटीआई का निर्माण पूरा हुआ है, जिससे युवाओं को तकनीकी शिक्षा मिलेगी। अटल आवासीय विद्यालय की स्थापना से गरीब बच्चों को निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। 338 सरकारी स्कूलों को स्मार्ट क्लास से जोड़ा गया है। जनपद में 22,213 छात्रों को टैबलेट तथा 58,547 छात्रों को स्मार्टफोन वितरित किए गए हैं, जिससे डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा मिला है।


कृषि और किसान कल्याण के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 4,73,419 किसानों को प्रतिवर्ष आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। 750 से अधिक सौर ऊर्जा पंप वितरित किए गए हैं। गन्ना किसानों को ₹950 करोड़ से अधिक का भुगतान किया गया है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है।


औद्योगिक विकास और रोजगार को भी सरकार ने प्राथमिकता दी है। "एक जनपद, एक उत्पाद" (ODOP) योजना के तहत देवरिया के काष्ठ शिल्प उद्योग को बढ़ावा दिया गया, जिससे 5,000 से अधिक लोगों को रोजगार मिला। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के अंतर्गत 1,200 से अधिक युवाओं को अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए आर्थिक सहायता दी गई है। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत जनपद में 12,181 स्ट्रीट वेंडरों को पंजीकृत किया गया है।


महिला सशक्तिकरण के तहत मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत 25,000 से अधिक महिलाओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया गया है। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत 40,000 बालिकाओं को लाभान्वित किया गया है। स्वयं सहायता समूह (SHG) के माध्यम से 15,000 से अधिक महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किए गए हैं। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत अब तक 4,052 विवाह संपन्न हुए हैं।


प्रदेश सरकार के अथक प्रयासों से उत्तर प्रदेश विकास और सुशासन के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है, और देवरिया भी इस परिवर्तन का साक्षी बन रहा है।


Share:

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

Featured Post

भाजपा नेता को बदमाशों ने सरेआम मारी गोली गोरखपुर में RSS के कार्यक्रम से लौट रहे थे

  गोरखपुर। गोरखपुर में भाजपा नेता राधा मोहन सिंह को बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार दी। गोली उनकी पीठ में लगी, जिससे वह जमीन पर गिर पड़े। वारद...

Definition List

Business

Unordered List

Technology

Support

Lorem ipsum dolor sit amet, consectetur adipisicing elit, sed do eiusmod tempor incididunt ut labore et dolore magna aliqua Lorem ipsum dolor sit amet, consectetur adipisicing elit.

Our Company Inc. 1238 S . 123 St.Suite 25 Town City 3333 Phone: 123-456-789 Fax: 123-456-789