देवरिया। बरहज नगर पालिका परिषद की चेयरमैन की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं। एक दिन पहले अधिकतर सभासदों ने अपने हस्ताक्षर युक्त शिकायती पत्र जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा था। पत्र में सभासदों ने नगर पालिका परिषद में भ्रष्टाचार और मनमानी का आरोप लगाया था।
अभी यह मामला थमा नहीं था कि नंदना वार्ड पश्चिमी निवासी और नगरपालिका में पाइपलाइन के फिटर विंध्याचल जायसवाल की तहरीर पर सोमवार को पुलिस ने नगर पालिका की चेयरमैन श्वेता जायसवाल, उनके पति श्याम सुंदर जायसवाल सहित 12 नामजद और पांच अज्ञात के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। पुलिस को दी तहरीर में विंध्याचल जायसवाल ने कहा है कि 25 अगस्त की रात करीब पौने नौ बजे कुछ लोग मोबाइल फोन पर घर से बाहर निकलने को कहते हुए गाली देने लगे।
इसी बीच पांच बाइक से 12 की संख्या में लोग दरवाजे पर आ गए। सभी असलहा आदि से लैस थे, जो गालियां देते हुए जान से मारने के लिए ललकारने लगे। उन लोगों ने ईंट-पत्थर भी चलाए। इनके खौफ से मोहल्ले के अधिकांश लोगों ने अपने खिड़की- दरवाजे बंद कर लिए। घटना पड़ोस के एक घर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने नगर पालिका चेयरमैन और उनके पति सहित नामजद और अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह ने बताया कि विंध्याचल की तहरीर पर नगर पालिका चेयरमैन श्वेता जायसवाल, उनके पति श्याम सुंदर जायसवाल, विशाल जायसवाल विक्की, सुनील जायसवाल, राहुल जायसवाल, संजय जायसवाल, शब्बीर अहमद, आकाश जायसवाल, सिद्धार्थ तिवारी, विमलेश मिश्र, गोविंद जायसवाल, रौनक जायसवाल व 5 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच कराई जा रही है।








0 comments:
एक टिप्पणी भेजें