*
लार ब्लॉक कार्यालय में कार्ययोजना और प्राक्कलन की फाइलें अटकीं, विकास कार्य प्रभावित होने का आरोप
देवरिया। लार विकासखंड की ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों से संबंधित फाइलें करीब एक माह से लंबित हैं। इससे नाराज एक दर्जन से अधिक ग्राम प्रधानों ने गुरुवार को दिन में करीब एक बजे जिलाधिकारी से मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराई। ग्राम पंचायत महाल मंझरिया के प्रधान के नेतृत्व में पहुंचे प्रधानों ने आरोप लगाया कि कार्ययोजना और प्राक्कलन से संबंधित फाइलें ब्लॉक कार्यालय में जमा हैं, लेकिन उन्हें स्वीकृति के लिए जिला मुख्यालय नहीं भेजा जा रहा है। इसके चलते गांवों में विकास कार्य बाधित हो रहे हैं।
प्रधानों का आरोप है कि फाइलों को आगे बढ़ाने को लेकर बीडीओ और एडीओ पंचायत के बीच खींचतान चल रही है। जब भी इस संबंध में जानकारी मांगी जाती है तो जल्द मंजूरी दिलाने का आश्वासन दिया जाता है, लेकिन करीब एक माह बीतने के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। प्रधानों ने जिलाधिकारी से लंबित फाइलों का शीघ्र निस्तारण कराने की मांग की।
इस संबंध में लार के बीडीओ ने बताया कि कुछ ग्राम पंचायतों की फाइलें प्राप्त हुई हैं। उनकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई के बाद जिला मुख्यालय भेज दिया जाएगा।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें