शिवपुर करिहवा से लेकर लक्ष्मीपुर-रामलक्षन तक दिखी आस्था; निर्जला व्रत रखकर माताओं ने की पूजा-अर्चना
रुद्रपुर, देवरिया। संतान की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना को लेकर माताओं ने शुक्रवार को जितिया महापर्व श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया। गौरी बाजार विकासखंड के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायतों शिवपुर करिहवा, लुअवटही, लक्ष्मीपुर, रामलक्षन, रामनगर समेत आसपास के गांवों में सुबह से ही धार्मिक माहौल बना रहा। माताओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर अपने पुत्रों के दीर्घायु होने की कामना की।
जितिया पर्व पर माताओं ने कठिन व्रत रखते हुए बरियार के पौधे की पूजा की। पूजा के दौरान महिलाओं ने बरियार के पौधे का आलिंगन कर उसके मजबूत तने और लंबी उम्र का प्रतीक मानते हुए अपने पुत्रों के भी लंबे और स्वस्थ जीवन की प्रार्थना की। महिलाओं का मानना है कि जिस प्रकार बरियार का पौधा विपरीत परिस्थितियों में भी मजबूती से खड़ा रहता है, उसी प्रकार उनके पुत्रों का जीवन भी मजबूत, निरोग और सुखमय रहे।
गांवों में सुबह से ही महिलाएं पर्व की तैयारियों में जुटी रहीं। घरों में पूजन सामग्री तैयार करने के साथ आसपास की महिलाओं ने समूह में एकत्र होकर जितिया व्रत की कथा सुनी। इसके बाद बरियार के पौधे के पास पहुंचकर सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना की। कई स्थानों पर महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भगवान की आराधना कर परिवार की सुख-शांति की भी कामना की।
ग्रामीण क्षेत्रों में जितिया पर्व मातृत्व की भावना और पारिवारिक आस्था से जुड़ा प्रमुख पर्व माना जाता है। पूरे दिन महिलाओं में व्रत को लेकर उत्साह और श्रद्धा दिखाई दी। गांवों की गलियों से लेकर पूजा स्थलों तक पर्व की चहल-पहल रही। माताओं ने कहा कि पुत्रों की खुशहाली और लंबी उम्र के लिए रखा जाने वाला यह व्रत उनके लिए केवल परंपरा नहीं, बल्कि संतान के प्रति अटूट ममता और विश्वास का प्रतीक है।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें