*विश्व रेडक्रॉस दिवस पर भाषण प्रतियोगिता सम्पन्न, प्रतिभागियों ने मानव सेवा और आपदा राहत पर रखे विचार*
देवरिया। रुद्रपुर में इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी शाखा-देवरिया द्वारा विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर शुक्रवार को प्रत्युष विहार रामचक, रूद्रपुर में भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विषय आपदा में रेडक्रॉस सोसाइटी का योगदान रहा, जिसमें 50 से अधिक प्रतिभागियों ने मानवता, सेवा, सहयोग और आपदा राहत में रेडक्रॉस की भूमिका पर प्रभावशाली विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता कृष्णकांत सिंह उर्फ मुन्ना सिंह साईं ने की। कार्यक्रम का संचालन तारकेश्वर विश्वकर्मा ने किया। रेडक्रॉस के आजीवन सदस्य एवं राज्यपाल उत्तर प्रदेश द्वारा सम्मानित, प्रधानाचार्य राणाप्रताप ने सभी का स्वागत करते हुए आभार जताया।
मुख्य अतिथि आजीवन सदस्य नागेंद्र चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि, आपदा के समय रेडक्रॉस केवल एक संस्था नहीं, बल्कि मानवता की सबसे बड़ी ताकत बनकर सामने आती है। जरूरतमंदों की सहायता करना ही सच्ची सेवा है। उन्होंने युवाओं से रक्तदान, प्राथमिक उपचार एवं सामाजिक सेवा में सक्रिय भागीदारी की अपील की। विशिष्ट अतिथि आजीवन सदस्य डॉ0 एसएन त्रिपाठी, रामप्रवेश भारती, सज्जाद अली आदि ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि रेडक्रॉस का उद्देश्य बिना किसी भेदभाव के पीड़ित मानवता की सेवा करना है। प्रतियोगिता में विभिन्न प्रतिभागियों ने आपदा प्रबंधन, राहत कार्य, रक्तदान और सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे विषयों पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किए। निर्णायक मंडल की भूमिका मुकुल सर एवं महक बरनवाल ने निभाई, जिन्होंने प्रतिभागियों के प्रस्तुतीकरण, भाषा शैली और विषय-वस्तु के आधार पर मूल्यांकन किया। इस दौरान चन्दन निषाद, अर्पिता यादव व वीरा को क्रमशः प्रथम, द्वितीय व तृतीय का पुरस्कार दिया गया। वहीं स्नेहा चौरसिया, अवन्तिका यादव, सबा परवीन, पूजा गौतम, नेहा यादव, लेखनी पाण्डेय तथा प्रकाश सिंह को सांत्वना पुरस्कार से नवाजा गया।








0 comments:
एक टिप्पणी भेजें