*बाल विवाह, बाल श्रम एवं महिला अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के दिए निर्देश*
देवरिया 14 मई । जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कलेक्ट्रेट कार्यालय कक्ष में बाल विकास समिति एवं वन स्टॉप सेंटर की कार्यगत गतिविधियों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने बाल विवाह, बाल श्रम एवं महिला अपराध से जुड़े मामलों पर गंभीरता के साथ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि बाल विवाह की रोकथाम के लिए सभी संबंधित विभाग पूरी सक्रियता एवं समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि बाल विवाह का मूल कारण अशिक्षा एवं सामाजिक जागरूकता की कमी है। ऐसे में बालिकाओं की शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा उन्हें विद्यालयों में प्रवेश दिलाकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया जाए।उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाल विवाह की संभावित घटनाओं की समय रहते पहचान कर उन्हें रोका जाए तथा संबंधित परिवारों को शासन की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया जाए।जिलाधिकारी ने कहा कि सामाजिक एवं व्यवहारिक परिवर्तन के माध्यम से ही इस समस्या पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।
बैठक में जिलाधिकारी ने होटल, ढाबों, ईंट-भट्ठों एवं अन्य प्रतिष्ठानों में बाल श्रम की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थानों पर नियमित जांच अभियान चलाकर बाल श्रम में संलिप्त बच्चों को चिन्हित किया जाए तथा उन्हें आंगनबाड़ी केंद्रों एवं विद्यालयों में दाखिला दिलाया जाए। साथ ही उनके पुनर्वास एवं अनुश्रवण की भी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने बाल न्यायालय में लंबित मामलों की अद्यतन स्थिति भी उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिला अपराध एवं बाल अपराध से संबंधित मामलों का थाना स्तर पर विस्तृत विवरण तैयार रखा जाए तथा नियमित रूप से उसकी समीक्षा की जाए।
उन्होंने महिला एवं बाल सुरक्षा को लेकर समग्र रणनीति के तहत कार्य करने पर जोर देते हुए कहा कि अपराधों की रोकथाम के लिए निरंतर निगरानी एवं जनजागरूकता अभियान चलाए जाएं।
जिलाधिकारी ने वन स्टॉप सेंटर एवं चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के लिए भवन निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए। इसके साथ ही उन्होंने बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आश्रम पद्धति विद्यालय के प्रस्ताव तैयार किए जाने पर भी बल दिया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) प्रेम नारायण सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) रामशंकर, जिला प्रोबेशन अधिकारी, चाइल्ड वेलफेयर कमेटी की अध्यक्ष सावित्री राय, सदस्य विवेकानंद एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।








0 comments:
एक टिप्पणी भेजें