*ग्राम पिड़रा निवासी ई० रत्नेश सिंह पिछले 12 वर्षों से सीनियर मैनेजर पद पर कार्यरत, अंतरराष्ट्रीय तनाव के बीच परिवार भयभीत*
रूद्रपुर (देवरिया)। पश्चिम एशिया में इज़राइल–ईरान के बीच जारी युद्ध और लगातार बिगड़ते अंतरराष्ट्रीय हालात के चलते रूद्रपुर तहसील क्षेत्र के ग्राम पिड़रा निवासी एक युवक के बहरीन में होने की सूचना से परिजनों की चिंता बढ़ती जा रही है। क्षेत्र में युद्ध की आशंका और अस्थिर माहौल को देखते हुए युवक की सुरक्षा को लेकर परिवार आशंकित है।
जानकारी के अनुसार ग्राम पिड़रा निवासी ई० रत्नेश सिंह पुत्र दयानन्द सिंह विगत 12 वर्षों से बहरीन में सीनियर मैनेजर पद पर कार्यरत हैं और वहीं अपने परिवार के साथ निवास करते हैं। युद्ध की खबरों और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच परिजन लगातार स्थिति को लेकर सजग हैं। संचार माध्यमों के जरिए संपर्क बना हुआ है, लेकिन हालात को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। परिवार का कहना है कि समाचार चैनलों और अंतरराष्ट्रीय मीडिया में सामने आ रही युद्ध संबंधी सूचनाओं से मानसिक दबाव बढ़ गया है। क्षेत्र में रह रहे अन्य लोग भी विदेशों में कार्यरत भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चर्चा कर रहे हैं। ऐसे हालात में यह जरूरी माना जा रहा है कि सरकार पश्चिम एशिया में उत्पन्न परिस्थितियों पर निरंतर नजर बनाए रखे और विदेशों में कार्यरत भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु समय रहते प्रभावी व व्यावहारिक कदम उठाए, ताकि संकट की स्थिति में किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें