नगर के गुरुगोविन्द सिंह प्राथमिक विद्यालय से हुआ अभियान का शुभारम्भ
देवरिया, 16 फरवरी, 2026। मीजल्स-रूबेला (एमआर) के प्रति बच्चों को सुरक्षा कवच देने के लिए सीएमओ डॉ अनिल कुमार गुप्ता व बीएसए शालिनी श्रीवास्तव ने सोमवार को नगर के न्यू कॉलोनी स्थित गुरु गोविन्द सिंह प्राथमिक विद्यालय से फीता काटकर टीकाकरण अभियान का शुभारम्भ किया। कक्षा एक से पांच तक के बच्चों का टीकाकरण कर बच्चों को बीमारियों से सुरक्षित किया गया।
इस दौरान सीएमओ डॉ अनिल कुमार गुप्ता ने कहा कि 27 फरवरी तक चलने वाले अभियान में जिले के 3039 स्कूलों और मदरसों के पांच से दस वर्ष आयुवर्ग के 2.29 लाख बच्चों को टीका लगेगा।सीएमओ ने कहा कि अभियान की सफलता के लिए कार्ययोजना तैयार है। स्कूलों में विशेष सत्र आयोजित होंगे। एएनएम को प्रतिदिन सौ से 125 बच्चों के टीकाकरण का लक्ष्य दिया है। अभिभावकों से अपील है कि वे बच्चों को एमआर वैक्सीन जरूर लगवाएं। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. डॉ एसके सिन्हा ने कहा कि टीकाकरण टीमें स्कूलों में पहुंचने से एक दिन पहले सूचना देंगी। यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी बच्चे को खाली पेट टीका न लगाया जाए, बच्चों को मिड-डे मील या लंच के बाद ही वैक्सीन दी जाएगी।उन्होंने कहा कि एमआर टीकाकरण से न केवल बच्चों को सुरक्षित किया जा सकता है, बल्कि समाज को भी इन रोगों से मुक्त बनाया जा सकता है। उन्होंने अभिभावकों, विद्यालय प्रबंधन और समाज के सभी वर्गों से अपील की कि वह इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लें और अपने बच्चों का टीकाकरण अवश्य कराएं, ताकि जिले को खसरा-रूबेला मुक्त बनाया जा सके। खसरा के लक्षणों में तेज बुखार, खांसी, बहती नाक, आंखों का लाल होना और चेहरे व शरीर पर चकत्ते शामिल हैं। अभियान की दैनिक रिपोर्टिंग यूविन पोर्टल से होगी।
कार्यक्रम में अरबन नोडल अधिकारी डॉ आरपी यादव, डीपीएम पूनम, डीसीपीएम राजेश गुप्ता, एआरओ राकेश चंद, डीएमएचसी विश्वनाथ मल्ल, लालबचन चौधरी सहित सहयोगी संस्था सीफार, यूनिसेफ़, जेएसआई के प्रतिनिधि मौजूद रहे।








0 comments:
एक टिप्पणी भेजें