*जरूरतमंद छात्र की दोबारा पढ़ाई शुरू कराने का भी दिलाया भरोसा*
देवरिया, 29 मई।जनता दर्शन में शुक्रवार को नगर पंचायत भलुअनी अंतर्गत जरार वार्ड नंबर-5 निवासी कालिंदी देवी पत्नी मोतीलाल ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत आवास के निर्माण में बाधा उत्पन्न किए जाने की शिकायत जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी से की।
फरियादिनी ने लिखित प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनका आवास स्वीकृत होने के बावजूद कुछ लोगों द्वारा निर्माण कार्य रुकवाया जा रहा है, जिससे आवास का निर्माण नहीं हो पा रहा है।
जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर पंचायत भलुअनी के अधिशासी अधिकारी से सीधे वार्ता की तथा मौके पर पहुंचकर प्रकरण का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान फरियादिनी के साथ आए उनके पुत्र अनिल यादव (लगभग 18 वर्ष) से जिलाधिकारी ने पढ़ाई के संबंध में जानकारी ली। अनिल ने बताया कि हाईस्कूल उत्तीर्ण करने के बाद आर्थिक एवं पारिवारिक परिस्थितियों के कारण उसकी पढ़ाई छूट गई है।
इस पर जिलाधिकारी ने छात्र को आगे की पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रेरित किया तथा उसकी माता की सहमति मिलने पर जिला विद्यालय निरीक्षक के माध्यम से किसी विद्यालय में प्रवेश दिलाए जाने का आश्वासन दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाना तथा जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा से जोड़ना प्रशासन की प्राथमिकता है।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें