देवरिया 12 फरवरी।भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा वर्ष 2016 से जिम्मेदार वित्तीय व्यवहार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष वित्तीय साक्षरता सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में इस वर्ष वित्तीय साक्षरता सप्ताह का 11वां संस्करण 09 फरवरी से 13 फरवरी 2026 तक देशभर में मनाया जा रहा है।
अग्रणी जिला प्रबंधक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया आर.एस. प्रेम ने बताया कि इस वर्ष की थीम “केवाईसी: सुरक्षित बैंकिंग की ओर पहला कदम” रखी गई है, जो सुरक्षित बैंकिंग इकोसिस्टम को मजबूत बनाने पर केंद्रित है। सप्ताह के दौरान केवाईसी अनुपालन, ग्राहकों की पहचान, केवाईसी रिकॉर्ड अपडेट रखने के महत्व तथा केंद्रीय केवाईसी रजिस्ट्री (CKYC) के लाभों के बारे में लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
इसके साथ ही खाता सुरक्षा (अकाउंट हाइजीन), धोखाधड़ी की रोकथाम, फर्जी केवाईसी कॉल, संदेश एवं संदिग्ध लिंक से बचाव तथा अवैध वित्तीय लेन-देन में ‘मनी म्यूल’ के रूप में इस्तेमाल होने से संबंधित सावधानियों की जानकारी भी दी जा रही है।
इसी क्रम में 11 फरवरी 2026 को तरकुलवा सीएफएल के अंतर्गत ब्लॉक रामपुर कारखाना के ग्राम सभा सिरिसिया नंबर-1 में एक मेगा वित्तीय साक्षरता कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में भारतीय रिजर्व बैंक से अग्रणी जिला अधिकारी शमसुद्दीन, अग्रणी जिला प्रबंधक आर.एस. प्रेम, आरसेटी निदेशक विशाल गुप्ता, निकटवर्ती बैंक शाखाओं के शाखा प्रबंधकगण, जिला समन्वयक तथा आरोह फाउंडेशन, देवरिया की टीम उपस्थित रही।
कार्यक्रम में अधिकारियों द्वारा वित्तीय साक्षरता, केवाईसी की आवश्यकता, साइबर धोखाधड़ी से बचाव एवं सामाजिक सुरक्षा बीमा योजनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही ग्रामीणों की बैंकिंग संबंधी समस्याओं का मौके पर समाधान भी किया गया।
अग्रणी जिला प्रबंधक ने जिले के सभी बैंकों से वित्तीय साक्षरता सप्ताह के दौरान कम से कम दो जागरूकता कैंप आयोजित करने का आह्वान किया।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें