देवरिया, ,20 अगस्त । जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशानुसार आज संपूर्ण समाधान दिवस पर रुद्रपुर तहसील में दिव्यांगजनों को प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने के लिए विशेष कैम्प का आयोजन हुआ। इस दौरान 76 दिव्यांगता प्रमाणपत्र तथा 37 यूनिक डिसेबिलिटी आइडेंटिटी कार्ड (यूडीआईडी) जनरेट कर मौके पर वितरित किये गए।
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह तथा पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा ने आज प्रातः इस विशेष कैम्प का उद्घाटन किया। कैम्प में एसीएमओ डॉ सती राम यादव के नेतृत्व में डॉ शुभलाल, डॉ इकबाल, डॉ तैय्यब अली, डॉ इनायत अली की सदस्यता वाला मेडिकल बोर्ड मौजूद था। मेडिकल बोर्ड के जांचोपरांत 76 लोगों का प्रमाणपत्र बनाया गया। जिन लोगों के प्रमाणपत्र बने हैं उनमें वसुदेव लाल, राम प्रकाश, राम बहाल, हरिहर निषाद, सोनम यादव, पूनम, रोहित, राजेश कुमार गौतम, मनीष, रेखा कुमारी, कंचन, सलीम इत्यादि शामिल हैं। मौके पर प्रमाणपत्र प्राप्त करने वाले लाभार्थियों ने जिलाधिकारी के इस पहल की सराहना की और कहा कि यूडीआईडी कार्ड और दिव्यांगता का प्रमाणपत्र प्राप्त करने के लिए अब उन्हें अनावश्यक सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं और जिला मुख्यालय भी नहीं जाना पड़ता जिससे समय और धन दोनों की बचत हो रही है।जिलाधिकारी की इस नई पहल के बाद दिव्यांगजनों को राहत मिली है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए डीएम की अध्यक्षता वाले समस्त संपूर्ण समाधान दिवस में दिव्यांगजनों के लिए विशेष कैम्प का आयोजन किया जाएगा। इस कैंप में यूडीआईडी के साथ मेडिकल बोर्ड द्वारा प्रमाणपत्र भी मौके पर प्रदान किया जाएगा। उन्होंने समस्त दिव्यांगजनों से इस कैम्प का लाभ उठाने का अनुरोध किया। इस दौरान जिला दिव्यांगजन कल्याण अधिकारी कृष्णकांत राय, श्यामकरण गुप्ता, विशाल चौधरी सहित विभिन्न अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।






0 comments:
एक टिप्पणी भेजें