-
- गड्ढा मुक्त सड़क अभियान में लापरवाही पर हुई कार्रवाई
- जिलाधिकारी द्वारा कराई गई सड़क गढ्ढा मुक्ति कार्य की विशेष जांच
- जिलाधिकारी ने कहा कि तय समय पर हो सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का कार्य, लापरवाही पर होगी कड़ी कार्यवाही
देवरिया (सू0वि0) 03 नवंबर।जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन ने विकास भवन के गांधी सभागार में जनपद में चल रहे गड्ढा मुक्त सड़क अभियान की गहन समीक्षा की। गड्ढा मुक्त सड़क अभियान में लापरवाही बरतने पर जिलाधिकारी ने मंडी परिषद के सहायक अभियंता राजेश यादव को प्रतिकूल प्रविष्टि देने का आदेश दिया। साथ ही गड्ढा मुक्त सड़क अभियान से संबंधित सभी विभागों को तय समय सीमा के भीतर कार्य को पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इस अभियान में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद द्वारा जनपद देवरिया में कुल 35 सड़कों का संचालन किया जाता है। इनमें से भलुअनी ब्लॉक के पकड़ी बाजार शहीद चौक से पूर्व दलित बस्ती एवं काली प्रसाद स्थान होते हुए पांडे पकड़ी बलवानी मार्ग, बेलडाड देवरिया मुख्य मार्ग से परसिया निरंजन तिलौली तक, बरहज देवरिया मुख्य मार्ग से गडेर से जलवा मंदिर होते हुए पिछोर रोड तक, सलेमपुर ब्लॉक के देवरिया टोला उर्फ शामपुर पथरदेवा ब्लॉक के संपर्क मार्ग रामपुर अवस्थी महुआ पाटन पिक्चर रोड से गद्दीजोर होते हुए टोला तक सहित कई मार्गों पर गड्ढा मुक्ति का कार्य नहीं हुआ है। उक्त तथ्य जिलाधिकारी द्वारा कराई गई विशेष जांच में सामने आया है, जबकि मंडी परिषद ने अपनी रिपोर्ट में उक्त कार्यों को पूर्ण दर्शाया था। इस पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने मंडी परिषद के सहायक अभियंता राजेश यादव को प्रतिकूल प्रविष्टि देने का साथ ही जनपद में मंडी परिषद द्वारा संचालित सभी सड़कों को 15 नवंबर तक गढ्ढा मुक्त करने का निर्देश भी दिया।
पीडब्ल्यूडी द्वारा कराए जा रहे सड़क गढ्ढा मुक्ति अभियान की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने सभी सड़कों को तय समयसीमा के भीतर शासन की मंशानुरूप ठीक करने का निर्देश दिया। समीक्षा के दौरान उन्हें अवगत कराया गया कि जनपद में 77 सड़कों का नवनिर्माण किया जा रहा है तथा 14 सड़कों का चौड़ीकरण/सुदृढ़ीकरण का कार्य किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने ग्रामीण अभियंत्रण विभाग और नगर पालिका द्वारा किये जा रहे कार्यों की समीक्षा भी की। उन्होंने सभी कार्यदायी संस्थाओं को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि काम समय से पूरा करे, वे स्वयं निर्धारित समयसीमा के बाद सड़कों के गढ्ढा मुक्ति के कार्य का औचक निरीक्षण करेंगे और कमी मिलने पर कठोरतम कार्यवाही करेंगे।
समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी रवींद्र कुमार, ईओ नगर पालिका रोहित सिंह, अधिशासी अभियंता पीडब्लूडी कमल किशोर, अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग अबरार अहमद सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद थे।






0 comments:
एक टिप्पणी भेजें