देवरिया (सू0वि0) 28 अक्टूबर। विकास भवन के गांधी सभागार में महिला कल्याण विभाग, जनपद देवरिया की मासिक समीक्षा बैठक जिलाधिकारी अशुतोष निरंजन की अध्यक्षता में सम्पादित की गयी । इस बैठक में बालकों एवं महिलाओ से जुड़े मुद्दों पर वृहद रुप से चर्चा करते हुये अधिकाधिक मात्रा लोगो को लाभान्वित किये जाने के निर्देश प्रदान किये गये ।
जिलाधिकारी ने एनसीपीसीआर (एक युद्ध नशे की विरुद्ध) को प्रभावी रूप से लागू करने का निर्देश दिया । इसके अन्तर्गत जनपद के समस्त मेडिकल स्टोर्स पर सी.सी.टी.वी. स्थापित किया जाना, विद्यालय परिसर में मादक पदार्थों के सेवन एवं विक्रय पर प्रतिबंध लगाना आदि शामिल है । जिलाधिकारी ने कहा कि जिला कारागार पुलिस अधीक्षक कार्यालय एवं कलेक्ट्रेट कैम्पस में स्थापित बन्दियों से सम्बन्धित बाक्स में आमजनमानस द्वारा प्रार्थना-पत्र प्रेषित करने की सुविधा दी जाए एवं प्राप्त प्रार्थना-पत्रों पर त्वरित रुप से कार्यवाही की जाये, जिससे किसी बन्दी को पैरोल, दयायाचिका, समयपूर्व रिहाई, फार्म-ए तथा नामिनल रोल से सम्बन्धित सुविधा आसानी से उपलब्ध हो सके। उ.प्र. रानी लक्ष्मीबाई एवं बाल सम्मान कोष में लम्बित प्रकरणो को दिनांक 31.10.2021 तक अनिवार्य रुप से निस्तारित किये जाने के निर्देश दिये गये । मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के अन्तर्गत प्राप्त आवेदनों को प्रति सप्ताह जिला संचालन समिति के समक्ष प्रस्तुत किये जाने का निर्देश प्रदान किया गया । इसके साथ ही केन्द्र प्रबंधक, वन स्टाप सेन्टर देवरिया को निर्देशित किया गया कि जनपद के थानों के माध्यम से लायी गयी पीड़िताओं को अनिवार्य रुप से शेल्टर प्रदान करें, किसी भी परिस्थिति में पीड़िताओं को थाने अथवा किसी अन्य जगह न रखा जाय । स्पान्शरसिप योजना से लाभान्वित होने बालक/ बालिकाओं को प्राप्त बजट के अनुसार आच्छादित किये जाने हेतु आज ही पत्रावली प्रस्तुत किये जाने हेतु निर्देश प्रदान किये गये ।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी प्र., जिला विकास अधिकारी, जिला परिवीक्षा अधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी, महिला कल्याण अधिकारी, विधि सह परिवीक्षा अधिकारी, संरक्षण अधिकारी एवं अन्य अधिकारीगण एवं कार्मिक उपस्थित रहें ।






0 comments:
एक टिप्पणी भेजें